विकासनगर में आपदा कंट्रोल रूम की एक कॉल और चारों तरफ फैल गई दहशत। कपाट खुलने से पहले चारधाम रूट पर आखिर ऐसा क्या हुआ कि घंटों तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन? जानें हकीकत।

चार धाम यात्रियों के ट्रांजिट कैंप में आग
Vikasnagar : उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में उस वक्त हरबर्टपुर स्थित बस अड्डे पर बुधवार को अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब भीषण आग लगने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आपदा कंट्रोल रूम से प्रशासन को सूचना मिली थी कि भूकंप के चलते चार धाम यात्रियों के ट्रांजिट कैंप में आग लग गई है। इस घटना में कई यात्रियों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद तत्काल आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (IRS) को एक्टिवेट किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेजी से आग पर काबू पाया। वहीं, राहत टीमों ने फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
Lucknow STF Action: आधी रात छापेमारी में बड़ा नेटवर्क बेनकाब, चौंकाने वाली बरामदगी से मचा हड़कंप
इस दौरान चार गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल उपचार के लिए विकासनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही, घटना से घबराए छह अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
बाद में स्पष्ट हुआ कि यह पूरा घटनाक्रम एक मॉक ड्रिल का हिस्सा था। चार धाम यात्रा शुरू होने से पहले आपदा की स्थिति में प्रशासन और राहत एजेंसियों की तैयारियों को जांचने के उद्देश्य से इस अभ्यास का आयोजन किया गया था।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह की मॉक ड्रिल से आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है। आगामी यात्रा सीजन को देखते हुए इस तरह के अभ्यास आगे भी जारी रहेंगे।
19 अप्रैल से शुरू होगी तीर्थयात्रा
उत्तराखंड में इस वर्ष की चारधाम यात्रा अप्रैल के तीसरे सप्ताह से शुरू होने जा रही है। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही यात्रा का आगाज हो जाएगा। इसके बाद 22 अप्रैल को बाबा केदारनाथ और 23 अप्रैल को भगवान बद्रीनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।