उत्तरकाशी के बर्फीले पहाड़ों में जिंदगी की जंग, फंसे 96 ट्रेकर्स को बचाने के लिए दोबारा शुरू हुआ हेली रेस्क्यू

उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के बीच फंसे 96 ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए मंगलवार को हेली रेस्क्यू अभियान दोबारा शुरू कर दिया गया है। प्रशासन को आज मिशन पूरा होने की उम्मीद है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 29 September 2026, 9:57 AM IST

Uttarkashi: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और खराब मौसम के चलते फंसे पर्वतारोहियों व ट्रेकर्स की सुरक्षित वापसी के लिए बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।

सोमवार को मौसम के अचानक मिजाज बदलने से रोके गए हेली रेस्क्यू ऑपरेशन को मंगलवार सुबह से फिर से शुरू कर दिया गया। पहाड़ियों पर अभी भी 96 पर्वतारोही और ट्रेकर्स फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित नीचे लाने के लिए रेस्क्यू टीमें जी-तोड़ कोशिश कर रही हैं।

मौसम ने बिगाड़ा था खेल, सोमवार को 40 ट्रेकर्स को ही सुरक्षित निकाला जा सका

बीते सोमवार को चलाए गए शुरुआती अभियान के दौरान रेस्क्यू टीमों ने काफी मशक्कत के बाद 40 ट्रेकर्स को सकुशल एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था। हालांकि, दोपहर 2 बजे के बाद अचानक मौसम का रुख बिगड़ने, घने बादल छाने और दृश्यता (विजिबिलिटी) घटने के कारण हेलीकॉप्टर सेवाओं को एहतियातन रोकना पड़ा था। इस वजह से 96 ट्रेकर्स को पूरी रात बर्फीली वादियों में ही बितानी पड़ी थी।

उत्तरकाशी में रहस्य बनी युवती की गुमशुदगी: 10 दिन से SDRF और ड्रोन कर रहे तलाश, अब हवाई सर्वेक्षण का लिया सहारा

हर्षिल हेलीपैड पर बनी रणनीति, एडीएम मुक्ता मिश्र ने संभाला मोर्चा

मंगलवार की सुबह मौसम खुलते ही हर्षिल हेलीपैड पर हलचल तेज हो गई। अपर जिलाधिकारी (एडीएम) मुक्ता मिश्र की मौजूदगी में जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, सेना और हेलीकॉप्टर पायलटों के बीच एक हाई-लेवल बैठक हुई। इस दौरान इलाके के नक्शे और मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए पूरे मिशन का रोडमैप तैयार किया गया, जिसके तुरंत बाद हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी।

नैनीताल और उत्तरकाशी के बाद अब टिहरी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, वकीलों और कर्मचारियों में मचा हड़कंप

आज सभी ट्रेकर्स की सुरक्षित वापसी की उम्मीद

प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वय से चलाया जा रहा यह महा-रेस्क्यू अभियान पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अगर मौसम ने साथ दिया, तो आज शाम तक सभी 96 फंसे हुए ट्रेकर्स को सुरक्षित नीचे उतार लिया जाएगा। नीचे हर्षिल में डॉक्टरों और एम्बुलेंस की विशेष टीमें तैनात रखी गई हैं ताकि लैंड होते ही ट्रेकर्स का तत्काल प्राथमिक उपचार किया जा सके।

Location :  Uttarkashi

Published :  29 September 2026, 9:57 AM IST