Site icon Hindi Dynamite News

भाजपा के पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का ने धराली त्रासदी पर जताया गहरा शोक, बोले- युद्ध स्तर पर बचाव कार्य जारी

उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ। भाजपा के पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने राहत कार्यों में सहयोग की अपील की और राज्य व केंद्र सरकार की मदद की सराहना की।
Post Published By: Tanya Chand
Published:
भाजपा के पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का ने धराली त्रासदी पर जताया गहरा शोक, बोले- युद्ध स्तर पर बचाव कार्य जारी

Lalkuan: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में हुई बादल फटने की घटना ने पूरे इलाके में भारी तबाही मचाई है। इस भीषण प्राकृतिक आपदा के चलते कई लोगों की जान चली गई और हजारों की संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। इस घटनाक्रम पर लालकुआँ भाजपा के पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुःखद और मर्मांतक है और इस संकट की घड़ी में पूरे प्रदेश को एकजुट होकर धैर्य और सेवा की भावना से पीड़ितों की मदद करनी चाहिए।

मिली जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक ने कहा, मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि सभी प्रभावित लोग जल्दी ठीक हो जाएं और दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार इस प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह से समर्पित है और युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि उत्तरकाशी जिले में बचाव कार्य में भारतीय सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, और अन्य सरकारी एजेंसियाँ तत्पर हैं। बताते चलें कि इसके साथ ही राज्य सरकार और मुख्यमंत्री स्वयं इस राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक अब तक 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर चिंता जताई और केंद्र सरकार के सहयोग से राहत कार्यों में मदद की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस संकट से उबरने की पूरी कोशिश कर रही है।

नवीन चन्द्र दुम्का ने सभी राजनीतिक दलों और भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस राहत कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करें। बता दें कि इसके साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों को सराहा और इस कठिन समय में पूरे प्रदेश के एकजुट होने की जरूरत को महसूस किया।

Exit mobile version