हिंदी
क्रिसमस पर पहाड़ों में धूप (Img- Internet)
Dehradun: उत्तराखंड में आज क्रिसमस के मौके पर मौसम ने दो अलग-अलग रूप दिखाए हैं। एक ओर जहां पहाड़ी इलाकों में मौसम साफ और धूप खिली हुई है, वहीं दूसरी ओर मैदानी जिलों में भीषण ठंड, घना कोहरा और शीत लहर ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने 25 दिसंबर के लिए राज्य के कई मैदानी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
देहरादून सहित उत्तराखंड के अधिकांश मैदानी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता काफी कम दर्ज की गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और पौड़ी के मैदानी क्षेत्रों के लिए घने कोहरे और शीत लहर (Cold Wave) की चेतावनी जारी की है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में पहले से ही ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनी हुई है। यहां दिन के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को दिन में भी ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
UP Weather Today: लखनऊ-गोरखपुर में घना कोहरा, आगरा में धूप से मिली राहत, IMD का ताजा अपडेट
घने कोहरे के कारण सुबह और देर रात के समय सड़कों पर वाहन चलाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम रहने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने, फॉग लाइट का उपयोग करने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी है।
मैदानी इलाकों के विपरीत, राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है। सुबह और शाम ठंड जरूर है, लेकिन दिन में चटख धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में फिलहाल बर्फबारी के आसार नहीं हैं। क्रिसमस के मौके पर पहाड़ों में पहुंचे पर्यटक धूप का आनंद लेते नजर आ रहे हैं, जिससे पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।
मैदानी इलाकों में कोहरा (Img- Internet)
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों तक मैदानी इलाकों में कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है। शुक्रवार को भी घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं 28 दिसंबर के आसपास एक हल्के पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है।
इसके असर से पहाड़ी क्षेत्रों में आंशिक बादल छा सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है। हालांकि आज राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और चम्पावत के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर घने से घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा इन जिलों में कोल्ड डे की स्थिति भी बनी रह सकती है। हरिद्वार, पौड़ी और देहरादून के कुछ मैदानी इलाकों में भी घना कोहरा और शीत दिवस की संभावना जताई गई है।
क्या रखा है बीड़ी और सिगरेट में, कुछ दिन सांस लीजिए Delhi-NCR में; जानें प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण
देहरादून में आज आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, लेकिन कुहासा छाया रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते दिन देहरादून का अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री और न्यूनतम 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 14.9 डिग्री और न्यूनतम 10.6 डिग्री रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम 18.7 और न्यूनतम 5.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि नई टिहरी का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहा।
Location : Dehradun
Published : 25 December 2025, 8:51 AM IST