Uttarakhand Weather Today: ठंड ने बदली चाल, कोहरा बना मुसीबत, जानिए आज का मौसम हाल

उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। पहाड़ों में धूप से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि सुबह-शाम कड़ाके की ठंड जारी है। मैदानी इलाकों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 23 December 2025, 8:07 AM IST

Dehradun: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है। आसमान साफ रहने के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में चटख धूप खिली हुई है। खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में धूप निकलने से दिन के तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, इस राहत के बावजूद सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड का असर अब भी बना हुआ है, जिससे लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है।

सोमवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक सुबह से ही आसमान साफ रहा और पूरे दिन धूप खिली रही। राजधानी देहरादून में भी धूप के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जिससे दिन में हल्की गर्माहट महसूस की गई।

मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप जारी

जहां पहाड़ों में धूप राहत दे रही है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जनपदों में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि, बीते कुछ दिनों की तुलना में कोहरे की तीव्रता में थोड़ी कमी जरूर देखी गई है, लेकिन सुबह के समय दृश्यता अब भी काफी कम हो जाती है।

यूपी में कड़ाके की ठंड, कई जिलों में यलो अलर्ट जारी, जानें आज कितना रहेगा आपके शहर का तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, आज भी मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाने की आशंका है। इससे सड़क और रेल यातायात के साथ-साथ हवाई सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।

रात में गिर रहा है तापमान

प्रदेश में दिन के समय धूप के बावजूद रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। खासकर मैदानी इलाकों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान काफी नीचे चला गया है। रात की ठंड के कारण लोगों को अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। ठंड का यह असर बुजुर्गों और बच्चों के लिए ज्यादा परेशानी भरा साबित हो रहा है।

कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर

उत्तर भारत में बढ़ते कोहरे का असर देहरादून आने-जाने वाली उड़ानों पर भी देखने को मिल रहा है। सोमवार को देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर आठ उड़ानें देरी से पहुंचीं। कम दृश्यता के कारण विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ में दिक्कतें आईं, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, आज भी उत्तराखंड के सभी जनपदों में मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है। राज्य के किसी भी हिस्से में आज बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाने की आशंका बनी हुई है।

सुबह-शाम कड़ाके की ठंड (सोर्स- इंटरनेट)

हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जनपदों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे सुबह और देर रात के समय वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें, गति सीमित रखें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें।

प्रमुख शहरों का तापमान

देहरादून में अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 4.0 डिग्री दर्ज किया गया। ऊधमसिंह नगर में दिन का तापमान 22.0 डिग्री जबकि रात का पारा 0.9 डिग्री तक गिर गया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री और न्यूनतम 8.5 डिग्री रहा। वहीं, नई टिहरी में दिन का तापमान 19.6 डिग्री और न्यूनतम 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Weather Update: कश्मीर से उत्तराखंड तक अगले पांच दिन बारिश, दिल्ली में 500 उड़ानें लेट

आगे भी जारी रह सकती है ठंड

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश में ठंड का असर बना रह सकता है। हालांकि दिन में धूप राहत देगी, लेकिन रात और सुबह की ठंड से फिलहाल निजात मिलने के आसार नहीं हैं। ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम रखने की सलाह दी गई है।

Location : 
  • Dehradun

Published : 
  • 23 December 2025, 8:07 AM IST