बारिश और बर्फबारी से उत्तराखंड में बदला नजारा, पहाड़ चमके, तापमान गिरा, पर्यटकों को राहत

उत्तराखंड के कई इलाकों में हुई बारिश और बर्फबारी से मौसम खुशनुमा हो गया है। केदारनाथ, चोपता, त्रियुगीनारायण समेत कई क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है, जिससे तापमान गिरा और लोगों को राहत मिली।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 24 January 2026, 12:05 PM IST

Rudraprayag: देवभूमि उत्तराखंड की पहाड़ियां इन दिनों चांदी की तरह चमक रही हैं। प्रदेश के कई ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बारिश और बर्फबारी ने मौसम को पूरी तरह खुशनुमा बना दिया है। लंबे समय से जारी शुष्क और धुंधभरे मौसम के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड एक बार फिर लौट आई है।

रुद्रप्रयाग जिले में जमकर गिरी बर्फ

रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ, त्रियुगीनारायण, चोपता-दुगलविट्टा, मिनी स्विट्जरलैंड, बधाणीताल, कार्तिक स्वामी और हरियाली काण्डां समेत कई इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई है। ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं, जिससे पूरा इलाका किसी हिल स्टेशन से भी ज्यादा खूबसूरत नजर आ रहा है।

तापमान गिरा, धुंध से मिली राहत

लगातार सूखे मौसम के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में धुंध और प्रदूषण बढ़ गया था, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। अब बारिश और बर्फबारी से हवा साफ हुई है और वातावरण में ताजगी लौटी है। तापमान में गिरावट आने से ठंड का अहसास फिर से बढ़ गया है।

भारत माता के लाल को अंतिम सलाम: रुद्रप्रयाग ने नम आंखों से दी वीर सपूत को विदाई, गांव से संगम तक उमड़ा जनसैलाब

किसानों के लिए वरदान बनी बारिश

देर से आई इस बारिश और बर्फबारी को किसानों ने खुले दिल से स्वागत किया है। शीतकालीन फसलों को नुकसान जरूर हुआ था, लेकिन आगे की खेती के लिए यह बारिश बेहद फायदेमंद मानी जा रही है। मिट्टी में नमी बढ़ने से रबी की फसलों को संजीवनी मिलेगी।

बारिश और बर्फबारी से मौसम हुआ खुशनुमा

जलस्रोतों और जंगलों को मिला नया जीवन

केदारनाथ धाम और उसके आसपास के इलाकों में भारी बर्फबारी से जलस्रोतों को नया जीवन मिल रहा है। तुंगनाथ-चोपता, त्रियुगीनारायण, कार्तिक स्वामी और हरियाली देवी कांडा जैसे क्षेत्रों में बर्फ देर तक जमी रहती है। मार्च-अप्रैल तक बर्फ के धीरे-धीरे पिघलने से नदियों, गधेरों और प्राकृतिक जलस्रोतों में पानी की निरंतर आपूर्ति बनी रहती है। जंगलों के लिए भी बर्फबारी को बेहद लाभकारी माना जाता है।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

बर्फबारी के बाद अब पर्यटकों के पहाड़ों की ओर रुख करने की संभावना बढ़ गई है। देवरिया ताल, बधाणीताल, चोपता और केदारनाथ जैसे पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी का नज़ारा देखने के लिए सैलानी पहुंच सकते हैं। स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को भी इससे अच्छी उम्मीदें हैं।

रुद्रप्रयाग: जनरल स्टोर में लगी आग, दो वाहन भी जले, मचा हड़कंप

धूप में सोने सी चमकती बर्फ

आज सुबह मौसम साफ होने के बाद पहाड़ों में तेज धूप निकल आई है। धूप की किरणों से बर्फ की चांदी जैसी चमक अब सोने की तरह दमकती दिखाई दे रही है। दूर-दूर तक फैली बर्फीली चोटियां और नीला आसमान देवभूमि की सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं।

Location : 
  • Rudraprayag

Published : 
  • 24 January 2026, 12:05 PM IST