Uttarakhand: हल्द्वानी में सनसनीखेज वारदात, बीजेपी पार्षद ने घर आये युवक पर क्यों चलाई गोली

हल्द्वानी में देर रात हुए गोलीकांड में एक युवक की मौत हो गई। आरोप बीजेपी समर्थित पार्षद पर लगा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

Nainital: हल्द्वानी में देर रात हुए गोलीकांड में एक युवक की जान चली गई, जिसके बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल है। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच तेज़ कर दी गई है।

मृतक की पहचान  जगफार्म निवासी 25 वर्षीय युवक नितिन लोहनी के रूप में हुई है जो दिल्ली में पढ़ाई करता था और 28 दिसंबर को ही छुट्टियों में हल्द्वानी आया था।

न्याय नहीं तो आंदोलन तेज होगा! अंकिता भंडारी केस में VIP नाम उजागर करने की मांग, नैनीताल में उग्र प्रदर्शन

घटना रामपुर रोड इलाके में पार्षद के घर के बाहर हुई। बताया जा रहा है कि मृतक नितिन लोहनी अपने दोस्त कमल भंडारी के साथ गौलापार से लौट रहा था। रास्ते में नितिन ने स्थानीय पार्षद अमित बिष्ट उर्फ़ चिंटू से मिलने की बात कही। दोनों पार्षद के घर पहुँचे और गेट पर घंटी बजाई। थोड़ी देर बाद पार्षद हाथ में असलहा लिए बाहर आया।

गोली मारने वाला आरोपी पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू भाजपा का मंडल उपाध्यक्ष भी है।

दोस्ती ने बतायी खौफनाक वारदात की कहानी

प्रत्यक्षदर्शी कमल के मुताबिक, पार्षद ने आते ही पहले जमीन पर गोली चलाई, जिससे दोनों घबरा गए। तभी नितिन वहां से भागने लगा, लेकिन पार्षद ने उस पर निशाना साधकर गोली चला दी। गोली लगते ही नितिन नाली में गिर पड़ा। कमल ने बताया कि जब उसने नितिन को उठाने की कोशिश की, तभी कुछ और लोग हथियारों के साथ आ पहुँचे। अपनी सुरक्षा को देखते हुए वह वहां से भाग निकला।

इलाहाबाद, नैनीताल समेत तीन उच्च न्यायालयों में जजों की नियुक्ति, देखिये सूची

बेटे के दोस्तों से चल रहा था विवाद

जानकारी के मुताबिक आरोपी पार्षद अमित बिष्ट के बेटे और मृतक नितिन लोहानी के बीच दोस्ती थी। नितिन अपने दोस्त कमल भंडारी के साथ पार्षद के बेटे से मिलने गया था। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से पार्षद के बेटे और उसके दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था, जो देर रात फिर उभर आया।

पहले भी विवादों में रहा है पार्षद

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पार्षद का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। उस पर मारपीट और दबंगई के आरोप लगते रहे हैं। कुछ महीने पहले उससे जुड़े एक मामले में विधायक बंशीधर भगत कोतवाली के बाहर धरने पर भी बैठे थे।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल रात में ही मौके पर पहुँचे और हालात का जायजा लिया। एएसपी दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि परिवार की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस ने पार्षद अमित बिष्ट को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुँचकर न्याय की मांग कर रहे हैं।

Location : 
  • Haldwani

Published : 
  • 5 January 2026, 10:54 PM IST

Advertisement
Advertisement