हिंदी
घायल महिला को 4 किमी डोली में ढोते रहे ग्रामीण (Img: AI Generated Image)
Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने विकास के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के दूरस्थ ओखलकांडा विकासखंड की ग्राम पंचायत डालकन्या के तोक डेफ्टा चंदनपुर में सड़क न होने का खामियाजा एक घायल महिला को भुगतना पड़ा।
गांव की रहने वाली मंजू पनेरू का पैर फिसल गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। लेकिन गांव तक सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस या कोई वाहन वहां नहीं पहुंच सका। मजबूरी में ग्रामीणों ने लकड़ी और कपड़े की मदद से डोली तैयार की और उन्हें करीब चार किलोमीटर तक पैदल उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। वहां से उन्हें इलाज के लिए हल्द्वानी अस्पताल भेजा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब किसी मरीज को डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ा हो। गांव तक सड़क न होने के कारण हर आपात स्थिति में यही तरीका अपनाना पड़ता है। उनका कहना है कि कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी कठिन हो जाती है, जब कच्चे रास्तों पर चलना तक मुश्किल हो जाता है।
ये भी पढ़ें- नैनीताल घूमने निकलने से पहले जान लें ये बात… बारिश ने बदला पहाड़ों का पूरा नजारा, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
ग्रामीणों ने स्थानीय सरकारी अस्पताल की व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि अस्पताल सिर्फ नाम का है और वहां गंभीर मरीजों के इलाज की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसी स्थिति में हर गंभीर मरीज को हल्द्वानी रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय, पैसा और परेशानी, तीनों का सामना करना पड़ता है।
ये भी पढ़ें- ‘भू-कानून तोड़ा तो जमीन जाएगी’, नैनीताल में डीएम ने 250 वर्ग मीटर भूमि सरकार के नाम की, आखिर क्या रही वजह?
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की कमी का असर सिर्फ मरीजों पर ही नहीं पड़ रहा, बल्कि स्कूली बच्चों और किसानों को भी रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बच्चों को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है, जबकि किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में भारी दिक्कत होती है।
घटना के बाद गांव में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने मांग की कि गांव तक जल्द सड़क बनाई जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाए।
Location : Nainital
Published : 6 August 2026, 2:41 PM IST