
सूखी ठंड से जूझता उत्तराखंड (Img- Internet)
Dehradun: उत्तराखंड इस समय सर्द लेकिन शुष्क मौसम की मार झेल रहा है। सर्दियों के चरम समय में भी बारिश और बर्फबारी न होने से प्रदेश में ‘सूखी ठंड’ की स्थिति बन गई है। इसका सीधा असर आम जनजीवन के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों पर भी देखने को मिल रहा है। मैदानी इलाकों में दिन के समय धूप राहत दे रही है, लेकिन रात होते ही ठंड तेजी से बढ़ रही है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले चार से पांच दिनों में राज्यभर के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे रात के समय ठंड और अधिक बढ़ेगी। हालांकि, दिन में धूप खिलने से तापमान सामान्य महसूस हो सकता है, लेकिन सुबह और शाम के वक्त ठिठुरन बनी रहेगी।
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में लिपटी कोहरे की चादर, जाने मौसम का ताजा अपडेट
क्रिसमस और नववर्ष के जश्न के लिए मसूरी पहुंचे पर्यटक बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन अब तक ‘पहाड़ों की रानी’ मसूरी में एक बार भी बर्फ नहीं गिरी है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे बर्फबारी की उम्मीद बेहद कम है। ऐसे में पर्यटकों के चेहरे पर मायूसी साफ झलक रही है।
जहां मैदानी और मध्य हिमालयी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है, वहीं उच्च हिमालयी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तरकाशी और चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके चलते यहां नदी और झरनों का पानी जम चुका है। हर्षिल वैली में दिन में अधिकतम तापमान करीब 5 डिग्री और रात में तापमान माइनस 8 डिग्री तक पहुंच रहा है।
सूखी ठंड (Img- Internet)
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तराखंड में जलवायु परिवर्तन का सीधा असर मौसम पर दिखाई दे रहा है। सर्दियों में सामान्य रूप से होने वाली बारिश और बर्फबारी में लगातार गिरावट आ रही है। इससे ‘सूखी ठंड’ की समस्या बढ़ रही है, जो खेती, जलस्रोतों और जनजीवन के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।
प्राकृतिक बर्फबारी की कमी के बावजूद राज्य सरकार शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में हेली स्कीइंग, हिमालयन कार रैली और अन्य साहसिक गतिविधियों की शुरुआत की तैयारी की जा रही है। केएमवीएन और जीएमवीएन को 20 दिसंबर तक सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
Delhi Pollution: दिल्ली की हवा में घुला जहर, दिल्ली सरकार ने लिया ये बड़ा फैसला
मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में कहीं-कहीं कोहरा छा सकता है। देहरादून में आसमान साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। आज देहरादून का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बीते सोमवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 24.5 और न्यूनतम 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पंतनगर में अधिकतम 23.6 और न्यूनतम 7.2 डिग्री, मुक्तेश्वर में अधिकतम 21.9 और न्यूनतम 5.1 डिग्री तथा नई टिहरी में अधिकतम 22.5 और न्यूनतम 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
Location : Dehradun
Published : 16 December 2025, 7:44 AM IST