बड़ी खबर: उत्तराखंड के पीपलकोटी में THDC सुरंग धंसी, कई मजदूर फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

उत्तराखंड से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। चमोली जनपद के पीपलकोटी में टीएचडीसी टनल धंसने के कारण कई मजदूर फंस गये हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 13 August 2026, 8:22 PM IST

Joshimath: उत्तराखंड के चमोली जनपद में गुरूवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। पीपलकोटी में निर्माणाधीन DRT टनल में मलबा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। टनल में कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। टनल में से 10 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है जबकि बाकी का रेस्क्यू जारी है। कुछ मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया जा रहा है।

अचानक धंसी सुरंग, अंदर मची अफरा-तफरी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय निर्माणाधीन टनल के अंदर करीब 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि अचानक सुरंग का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिसके बाद अंदर मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। सुरंग में मलबा और पानी आने की सूचना के बाद राहत टीमों के सामने चुनौती और बढ़ गई। प्रशासन ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी।

10 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया

हादसे के बाद मौके पर पहुंची राहत और बचाव टीमों ने तेजी से काम शुरू किया। शुरुआती रेस्क्यू में 10 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, बाकी मजदूरों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है। मौके पर मौजूद टीमें मलबा हटाने और सुरंग के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। प्रशासन की प्राथमिकता सुरंग के अंदर मौजूद हर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है।

सीएम धामी ने लिया हालात का जायजा

हादसे की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पीपलकोटी स्थित THDC टनल के अंदर मलबा और पानी आने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य को तेज करने के लिए NDRF और SDRF की टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि टनल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना सबसे बड़ी प्राथमिकता है, फिलहाल राहत और बचाव अभियान पूरी तेजी के साथ जारी है। मौके पर NDRF, SDRF, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें तैनात हैं। अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि टनल के अंदर मौजूद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

Location :  Uttarakhand

Published :  13 August 2026, 8:19 PM IST