
नशीले इंजेक्शनों के साथ तस्कर गिरफ्तार (Image Source: Google)
Nainital: उत्तराखंड में नशीले पदार्थों के तस्कर समय-समय पर अपनी गतिविधियों को अंजाम देते रहे हैं। ये लोग अपने गोरखधंधे को पनपाने के लिए लोगों की जिंदगियां तबाह कर रहे हैं। राज्य में वैसे ही लोग शराब से परेशान हैं, ऊपर से खतरनाक नशीले पदार्थों की तस्करी की खबरें लोगों को बेचैन करती रही हैं। राज्य के नैनीताल जिले के अंतर्गत एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां एक तस्कर को 300 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों के साथ पकड़ा गया।
बताया जाता है कि लालकुआं कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद हुए हैं, जिन्हें वह पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के बहेड़ी से तस्करी कर लाया था।
मैनपुरी में युवक की संदिग्ध मौत से बवाल, परिजनों ने किया प्रदर्शन; जानें क्या है पूरा मामला
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कात्याल के मुताबिक लालकुआं पुलिस और एसओजी की टीम हल्द्वानी में सुभाष नगर बैरियर (NH) पर गाड़ियों की तलाशी ले रही थी। इसी बीच एक व्यक्ति गाड़ी से उतरकर अचानक भागने लगा। पुलिस को उसके भागने पर संदेह हुआ। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और आखिरकार उसे पकड़ लिया।
बताया जाता है कि आरोपी के पास मौजूद दो झोलों की जब तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। झोलों से अलग-अलग कंपनियों के 300 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान मोहम्मद रफी (35) के रूप में बताई है। वह हल्द्वानी के उजाला नगर (वार्ड नंबर 14) का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कबूल किया है कि वह ये इंजेक्शन उत्तर प्रदेश के बहेड़ी से किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदकर लाया था और इन्हें हल्द्वानी के युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Location : Haridwar
Published : 25 February 2026, 4:25 PM IST
Topics : 300 banned narcotic injections Nainital Police Narcotic Injection Smuggler arrested Uttarakhand News