रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे से पहले नैनीताल हाई अलर्ट पर, जानें पूरी खबर

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नैनीताल दौरे से पहले जिले में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की गई। पुलिस और प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल से लेकर रूट तक सुरक्षा, ट्रैफिक प्रतिबंध और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। वीकेंड और ईद के मद्देनज़र भारी वाहनों पर रोक और सख्त निगरानी की व्यवस्था लागू रहेगी।

Updated : 20 March 2026, 9:34 PM IST

नैनीताल: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रस्तावित नैनीताल दौरे से पहले जिले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की गई। मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस प्रमुख रिद्धिम अग्रवाल ने कार्यक्रम से जुड़े संपूर्ण सुरक्षा ढांचे पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में आईजी (एसटीएफ), आईजी अभिसूचना, जिलाधिकारी नैनीताल और मंजूनाथ टीसी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सतत निगरानी करने के निर्देश जारी

समीक्षा के दौरान यह तय किया गया कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा को तीन स्तरों में लागू किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल और रूट पर एंटी सबोटाज जांच नियमित तौर पर चलेगी, जबकि बीडीएस और डॉग स्क्वायड की टीमों को लगातार निरीक्षण में लगाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवेश केवल अधिकृत पास वालों तक सीमित रहेगा और संवेदनशील इमारतों की छतों पर विशेष टीमें तैनात रहेंगी। सीसीटीवी के माध्यम से पूरे कार्यक्रम की सतत निगरानी करने के निर्देश जारी किए गए।

Sonbhadra: सड़क जर्जर, दुर्घटनाएं बढ़ीं, सोनभद्र में स्थानीय लोगों ने उप मुख्यमंत्री से की ये मांग, पढ़ें पूरी खबर

मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद

एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि सभी कर्मचारी समय से पहले अपने निर्धारित स्थानों पर मौजूद रहें और कार्यक्रम समाप्त होने तक सतर्कता में कोई ढिलाई न रखें। किसी भी आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक योजना तैयार रखते हुए यातायात, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़े सभी निर्णयों को सटीक रूप से लागू करने पर जोर दिया गया। आगामी वीकेंड और ईद के कारण जिले में भारी भीड़ और पर्यटकों के बढ़ते दबाव को देखते हुए 21 और 22 मार्च को सुबह सात बजे से रात्रि बारह बजे तक भारी और मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद रखने का निर्णय भी लिया गया है। हालांकि दूध, सब्जी, ईंधन, गैस, मेडिकल सप्लाई और ऑक्सीजन जैसी आवश्यक सेवाओं को इससे छूट दी गई है। प्रतिबंध तोड़ने पर वाहनों की जब्ती तक की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फतेहपुर: बहुआ नगर पंचायत में ओपन जिम रोकने का विवाद, सभासदों ने सरकारी कार्य में बाधा पर जताया विरोध

यातायात डायवर्जन प्लान को कड़ाई से लागू करने के साथ साथ एटीएस, क्यूआरटी और रिजर्व फोर्स को अलर्ट मोड पर रखा गया है। फायर सर्विस, एम्बुलेंस और मेडिकल स्टाफ को भी तत्पर रहने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैलाने वालों पर विशेष नजर रखने की बात भी बैठक में उठाई गई।बैठक में बागेश्वर, उधमसिंह नगर, हरिद्वार और अन्य जनपदों से पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने भी अपनी तैयारियों की जानकारी साझा की। उच्चाधिकारियों ने सभी टीमों से समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने को कहा।

Location : 
  • नैनीताल

Published : 
  • 20 March 2026, 9:34 PM IST