
चंद्रापुरी में दो बोलेरो वाहनों की भिड़ंत (Img- Dynamite News)
Rudraprayag: रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर स्थानीय निवासियों को झकझोर कर रख दिया है। शुक्रवार की सुबह जब लोग अपने दैनिक कामों की शुरुआत कर रहे थे, तभी चंद्रापुरी के पास अचानक दो गाड़ियों की जोरदार टक्कर से चीख-पुकार मच गई। रफ्तार और मोड़ों के बीच नियंत्रण बिगड़ने से यह बड़ा हादसा पेश आया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (28 अगस्त) सुबह ठीक 9:43 बजे हादसा होने की सूचना मिली। दुर्घटनास्थल चंद्रापुरी से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित था।
हादसे के समय दोनों गाड़ियों में लगभग 4 से 5 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बोलेरो वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और भीतर बैठे यात्री जख्मी हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास के राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और राहत टीम के पहुंचने से पहले ही लोगों ने अपनी निजी गाड़ियों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अगस्त्यमुनि पहुंचाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में तीन यात्रियों और एक बोलेरो चालक को गंभीर चोटें आई हैं।
चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का अगस्त्यमुनि स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है। वहीं, स्थानीय पुलिस प्रशासन ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या फिर मोड़ पर किसी वाहन का संतुलन बिगड़ा, पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है।
Location : Rudraprayag
Published : 28 August 2026, 12:36 PM IST