
ऋषभ पंत ने CM धामी से मांगी घर के लिए जमीन (Img- Pinterest)
Dehradun: भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत इन दिनों मैदान पर अपनी बल्लेबाजी से ज्यादा सोशल मीडिया पर अपने एक बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। वर्तमान में श्रीलंका के खिलाफ वार्म-अप मैच खेल रहे पंत ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 12:46 बजे अचानक एक्स (Twitter) पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए एक भावुक और सीधा पोस्ट लिखा। इस पोस्ट ने क्रिकेट प्रशंसकों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक में सनसनी फैला दी है।
ऋषभ पंत ने अपने पोस्ट में खुलासा किया कि वे पिछले तीन सालों से दिल्ली छोड़कर वापस अपने गृह राज्य उत्तराखंड में बसने की कोशिश कर रहे हैं। वे अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं ताकि अपने पहाड़ी लोगों के करीब रह सकें।
हालांकि, पंत का कहना है कि तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें अब तक ऐसी कोई बड़ी और उपयुक्त जगह नहीं मिल सकी है, जहां वे अपना सपनों का घर बना सकें। उन्होंने सीएम से मदद मांगते हुए लिखा कि वे अपने राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्रिकेटर ऋषभ पंत की देश-दुनिया में राज्य का नाम रोशन करने और मातृभूमि के प्रति उनके प्रेम की दिल खोलकर सराहना की है। सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि के गौरव ऋषभ द्वारा उठाए गए विषय पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत निर्देशित किया जा रहा है। ये अधिकारी जल्द ही उनसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव मदद सुनिश्चित करेंगे।
पंत की अपील का सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया जब उन्होंने एक और पोस्ट में जमीन की मांग पर अपने दिल की बात रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री से बड़े ही सहज अंदाज में कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने के नाते अगर सरकार उन्हें यह जमीन उपहार (गिफ्ट) के रूप में देती है, तो यह उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान होगा। हालांकि, उन्होंने तुरंत यह भी साफ कर दिया कि वे कोई मुफ्त की चीज नहीं मांग रहे हैं और सरकार द्वारा तय की गई दरों पर ही जमीन खरीदने को पूरी तरह तैयार हैं।
उत्तराखंड कैबिनेट का महाफैसला: सीएम धामी ने लिए 12 बड़े निर्णय, उपनल कर्मियों को मिली ये बड़ी सौगात
ऋषभ पंत के आधी रात को किए गए इस ट्वीट के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। पोस्ट में कई स्पेलिंग और व्याकरण से जुड़ी कमियां थीं, जिसे लेकर कुछ यूजर्स ने मजे लेते हुए पूछा कि क्या वे नशे की हालत में थे? हालांकि, अधिकांश फैंस ने पंत की इस पहल की तारीफ की और कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी अगर अपने गांव-राज्य में वापस लौटने के लिए गुहार लगा रहा है, तो सरकार को उनकी मांग पर तुरंत सकारात्मक कदम उठाना चाहिए।
Location : Dehradun
Published : 8 August 2026, 11:26 AM IST