
लंबी जुल्फों से रेनू धारियाल ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड (Img: Dynamite News)
Nainital: लंबे और घने बाल भारतीय संस्कृति में महिलाओं की खूबसूरती से जोड़कर देखे जाते हैं। इसी परंपरा और अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड के हल्द्वानी की रहने वाली रेनू धारियाल ने नया मुकाम हासिल किया है। रेनू ने करीब 9 फीट यानी 271.5 सेंटीमीटर लंबे बाल कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
हल्द्वानी के कटघरिया क्षेत्र की रहने वाली रेनू ने वर्ष 2015 से अपने बाल नहीं कटवाए हैं। करीब एक दशक तक बालों की देखभाल और धैर्य के बाद उनके बाल इतनी लंबाई तक पहुंच गए। 15 अप्रैल 2026 को उनके बालों की लंबाई का सत्यापन किया गया था। इसके बाद 7 अगस्त 2026 को उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।
रेनू ने यूक्रेन की आलिया नासिरोवा का रिकॉर्ड तोड़ा है। आलिया के बालों की लंबाई 257.33 सेंटीमीटर दर्ज की गई थी, जबकि रेनू के बाल 271.5 सेंटीमीटर लंबे हैं।
ये भी पढ़ें- धूप खिलते ही झील में उतरे सैलानी, फिर पलक झपकते ही छा गया अंधेरा! जानिए नैनीताल का मिजाज क्यों हुआ मिस्टिकल
रेनू का कहना है कि बाल बढ़ाने का फैसला उन्होंने सिर्फ रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं लिया था। उन्होंने भारतीय संस्कृति से प्रेरणा लेकर लंबे बाल रखने का संकल्प लिया था। भारतीय परंपरा में बालों को महिलाओं की सुंदरता और पहचान से जोड़कर देखा जाता है और इसी सोच ने उन्हें अपने लक्ष्य पर कायम रहने की प्रेरणा दी।
बालों की देखभाल के लिए रेनू ने केमिकल वाले प्रोडक्ट्स से दूरी बनाई। वह घर पर तैयार किए गए हर्बल तेल और शैंपू का इस्तेमाल करती हैं। उनका मानना है कि लंबे और घने बालों के लिए धैर्य के साथ नियमित देखभाल जरूरी है।
रेनू कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर भी हैं। सोशल मीडिया के जरिए वह अपने लंबे बालों की देखभाल से जुड़े अनुभव साझा करती रहती हैं। उनका कहना है कि इतने लंबे बालों को संभालना आसान नहीं है। बालों को सुलझाने और उनकी देखभाल में कई घंटे तक लग जाते हैं।
करीब 10 साल की मेहनत के बाद रेनू धारियाल ने न सिर्फ अपने बालों को विश्व रिकॉर्ड की लंबाई तक पहुंचाया, बल्कि उत्तराखंड को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान दिलाई है।
Location : Nainital
Published : 9 August 2026, 2:34 PM IST
Topics : Haldwani News Renu Dhariyal Uttarakhand News