रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग चौकीदार ओमप्रकाश के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया। परिवार ने पुलिसकर्मी पर आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित अस्पताल में भर्ती, कंधे में फ्रैक्चर।

ओमप्रकाश पीड़ित बुजुर्ग
Ramnagar: रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग चौकीदार के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
वाल्मीकि समाज के रुपेश कुमार ने पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुमित पांडे को तहरीर देकर बताया कि उनके दादा ओमप्रकाश, जो जीआईसी खताड़ी में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं, 22 मार्च 2026 की रात लगभग 10:30 बजे ड्यूटी पर जा रहे थे। उनका सरकारी आवास पुलिस चौकी के पीछे स्थित है और रोजाना की तरह वे खताड़ी चौकी के सामने से गुजरते हुए पुलिसकर्मियों को नमस्कार कर रहे थे।
परिवार के अनुसार, उसी दौरान चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी अनिल कुमार ने ओमप्रकाश से पूछताछ शुरू कर दी। आरोप है कि वह नशे की हालत में था और बिना किसी वजह बुजुर्ग को गालियां देने लगा।
इसके बाद कथित तौर पर पुलिसकर्मी ने ओमप्रकाश को पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव के लिए पहुंचे उनके चाचा शरद कुमार को भी कथित तौर पर पीटा गया।
गंभीर हालत में परिजन बुजुर्ग को घर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सक डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि ओमप्रकाश के कंधे में फ्रैक्चर है और शरीर पर कई चोटें आई हैं। ऑपरेशन की आवश्यकता हो सकती है।
ओमप्रकाश का कहना है कि उन्हें खताड़ी चौकी में बुरी तरह पीटा गया और जूते से कंधे पर वार किया गया। परिवार ने कहा कि बुजुर्ग उनके घर के एकमात्र सहारा हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
Kedarnath Opening Date: चारधाम यात्रा 2026 का शेड्यूल जारी, यहां जानें कब खुलेंगे कपाट
पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है और परिजनों से तहरीर भी प्राप्त हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग और परिवारजन दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।