रामनगर में 11वें विशाल जागरण में हेमा नेगी की गायन से भक्तिमय माहौल, देव अवतरण के अद्भुत दृश्य और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने इसे अविस्मरणीय अनुभव बताया।

रामनगर में भव्य जागरण कार्यक्रम आयोजित (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Ramnagar: उत्तराखंड के रामनगर में पर्वतीय जन जागृति प्रयास सेवा समिति द्वारा आयोजित 11वें विशाल जागरण में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों भक्तों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया और पूरे पंडाल को भक्तिमय बना दिया। जैसे-जैसे रात गहराती गई, श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति का रंग और गहरा होता गया, जिससे माहौल अत्यंत दिव्य हो गया।
इस भव्य जागरण की खास आकर्षण रहीं प्रसिद्ध जागर गायिका हेमा नेगी करासी, जिन्हें तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने अपनी दमदार आवाज और पारंपरिक जागर शैली के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति को मंच पर जीवंत कर दिया। हेमा नेगी के गाने शुरू होते ही पूरा पंडाल श्रद्धा और भक्ति में डूब गया।
हेमा नेगी ने बताया कि आज की नई पीढ़ी अपनी जड़ों और परंपराओं से दूर होती जा रही है। ऐसे जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने का प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि जागर केवल गायन नहीं, बल्कि देवताओं को स्मरण और आमंत्रित करने की प्राचीन विधा है, जो उत्तराखंड की पहचान है।
जैसे ही हेमा नेगी ने जागर गाया, वहां मौजूद श्रद्धालुओं में देवी-देवताओं का अद्भुत अवतरण देखने को मिला। कई लोगों ने मां दुर्गा, भवानी और अन्य देवी-देवताओं का रूप देखा। इस दृश्य को देखकर पूरा पंडाल कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गया और फिर “जय मां” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
हेमा नेगी की प्रस्तुति रही मुख्य आकर्षण (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
कार्यक्रम में लोक गायक रमेश बाबू गोस्वामी, हरिमन दा सहित कई कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी लोकधुनों और भक्ति गीतों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया और भक्तों को आध्यात्मिक अनुभव से जोड़ दिया।
रामनगर में गैस वितरण पर बवाल, एसडीएम बोले-कमी नहीं, सिस्टम की लापरवाही जिम्मेदार
कार्यक्रम के आयोजक दिनेश मेहरा और अन्य ने बताया कि उनका प्रयास है कि इस तरह का भव्य जागरण लगातार आयोजित होता रहे। इसका उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।