Dehradun: विकास नगर क्षेत्र में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक मकान में चल रहे देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ हुआ है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो महिलाओं समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य सरगना राजकुमार नामक आरोपी फरार हो गया है। यह कार्रवाई बीते कल यानी 1 सितंबर 2025 की रात को हरबर्टपुर क्षेत्र के सोनिया बस्ती स्थित एक मकान में की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हरबर्टपुर इलाके में अनैतिक कार्य चल रहा है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर AHTU प्रभारी हरिओम राज चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें विकास नगर कोतवाली पुलिस के अधिकारी भी शामिल थे। संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात में उक्त स्थान पर छापा मारा।
#देहरादून के विकास नगर क्षेत्र में AHTU और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर देह व्यापार के अड्डे का खुलासा किया। पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।#DehradunNews #PoliceRaid #HumanTrafficking pic.twitter.com/URKsaFXkuq
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) September 2, 2025
छापेमारी के दौरान पुलिस को मकान के अलग-अलग कमरों में दो पुरुष और दो महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में मिले। उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। मौके पर ही मकान के केयरटेकर जय नारायण शर्मा समेत कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी के खिलाफ कोतवाली विकास नगर में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम 1956 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 249/25 पंजीकृत किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में मकान के केयरटेकर जय नारायण शर्मा ने खुलासा किया कि यह मकान राजकुमार नाम के व्यक्ति ने किराए पर लिया था। राजकुमार बाहरी राज्यों से महिलाओं को बुलाकर उनसे देह व्यापार कराता था। फरार आरोपी राजकुमार निवासी बाल्मीकि कॉलोनी, विकास नगर पहले भी इस तरह के मामलों में संलिप्त रह चुका है।
Firing in Dehradun: प्रेमनगर में हॉस्टल के बाहर फायरिंग, इलाके में मची दहशत
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीन पुरुषों और दो महिलाओं को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इस संयुक्त ऑपरेशन में AHTU टीम से उपनिरीक्षक बबीन सिंह, हेड कांस्टेबल रचना डोभाल, कांस्टेबल प्रदीप रावत और कांस्टेबल आरती शामिल रहे। वहीं विकास नगर कोतवाली से उप निरीक्षक संदीप पवार और कांस्टेबल राजेंद्र बर्थवाल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Dehradun News: अभद्र टिप्पणी के बाद विरोध प्रदर्शन हुआ तेज, राहुल गांधी का फूंका गया पुतला
पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय निवासियों ने इस कदम की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
Location : Dehradun
Published : 2 September 2025, 3:41 PM IST