पौड़ी में जिस बेटे के बर्थडे का मनाना था जश्न, उसी दिन पूरे परिवार की बिछ गई लाशें; जनाजे में रो पड़ा पूरा गांव

पौड़ी में हुए भीषण सड़क हादसे ने लक्सर के रायपुर गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। बेटे के जन्मदिन पर घूमने निकले एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई। एक साथ उठे छह जनाजों को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं और गांव में चूल्हे तक नहीं जले।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 August 2026, 10:07 AM IST

Pauri: उत्तराखंड के पौड़ी में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने लक्सर क्षेत्र के रायपुर गांव में मातम का सन्नाटा पसार दिया है। कांवड़ मेले की छुट्टियों के दौरान अपने 14 वर्षीय बेटे शादाब का जन्मदिन मनाने निकला अफजाल का परिवार कभी वापस घर नहीं लौट सका।

पौड़ी के कुंडधार में उनकी बोलेरो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में मासूम के बर्थडे का जश्न पल भर में चीख-पुकार और आंसुओं में बदल गया।

एक साथ उठे 6 जनाजे, थम गईं पूरे गांव की सांसें

शनिवार को जब मृतकों के शव गांव पहुंचे तो माहौल बेहद गमगीन हो गया। एक ही घर से जब एक साथ छह जनाजे निकले, तो वहां मौजूद हजारों लोगों का कलेजा कांप उठा। हादसे में अफजाल, उनके भाई गुफरान, पत्नी शब्बो और बच्चे अमन, अरमान व अनाविया की जान चली गई।

उत्तराखंड हाईकोर्ट की नई जगह को लेकर दूर हुआ भ्रम! गौलापार नहीं, यहां बनेगा नया परिसर

हादसे में केवल मासूम अरहम ही जिंदा बच पाया है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से गांव में मातम छाया हुआ है और कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।

बुजुर्ग मां से छिपाया गया था सच, सच सामने आते ही मचा कोहराम

अफजाल की बुजुर्ग मां नफीसा को शुक्रवार तक यही दिलासा दिया गया था कि उनका परिवार हादसे में सिर्फ घायल हुआ है। लेकिन शनिवार को जब एक साथ छह शव घर पहुंचे, तो मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अपने बेटों, बहु और पोते-पोतियों को एक साथ खोने के बाद वृद्ध मां और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Rishabh Pant Land Request: दिल्ली छोड़ अब उत्तराखंड बसना चाहते ऋषभ पंत, जानिये CM धामी ने क्या दी प्रतिक्रिया

कभी न भूलने वाला जख्म दे गई यह त्रासदी

यह दुर्घटना सिर्फ एक परिवार का अंत नहीं, बल्कि पूरे इलाके के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गई है। जो परिवार सुबह-सुबह मुस्कुराते हुए बेटे का जन्मदिन मनाने की खुशी में घर से निकला था, शाम होते-होते उनका सब कुछ खत्म हो चुका था। गमगीन माहौल में सभी मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Location :  Pauri

Published :  9 August 2026, 10:07 AM IST