
शारदा बैराज पर मंडराया बाढ़ का खतरा (Img- X)
Champawat: पड़ोसी देश नेपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भीषण बाढ़ के खतरे को देखते हुए उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले चंपावत में प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। नेपाल के नदी-नालों से आने वाले पानी के कारण शारदा नदी के जलस्तर में अचानक भारी बढ़ोतरी की आशंका है। इस खतरे को देखते हुए सेनानायक एसडीआरएफ (SDRF) के निर्देश पर टनकपुर की टीम को हाई अलर्ट पर रख दिया गया है और तटीय इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है।
आपदा के खतरे से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम जीवनरक्षक उपकरणों के साथ शारदा बैराज, शारदा घाट और निचले संवेदनशील इलाकों में 24 घंटे मुस्तैद है। टीम के जवानों ने तटीय इलाकों में पहुंचकर स्थानीय निवासियों, यात्रियों और मछुआरों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे शारदा नदी के आसपास और घाटों पर बिना वजह न जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सिंचाई, राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों को आपस में तालमेल बिठाकर काम करने के निर्देश दिए हैं। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के जरिए शारदा नदी के जलस्तर पर पल-पल की निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपातकालीन स्थिति से तुरंत निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को तैयार रहने को कहा गया है।
नेपाल में तबाही के बीच 468 लोग लापता! भारतीयों को लेकर क्यों बढ़ी चिंता, सामने आई बड़ी जानकारी
प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से उफनती नदियों और शारदा घाट के पास न जाने की अपील की है। विशेष रूप से बच्चों और मवेशियों को नदी तटों से दूर रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने जनता से कहा है कि यदि कोई आपात स्थिति बनती है, तो बिना देरी किए तुरंत स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचित करें।
Location : Champawat
Published : 27 August 2026, 10:50 AM IST