हिंदी
मासूमों के सामने मां की मौत का तांडव
Nainital: खनस्यूं थाना क्षेत्र के ग्राम तल्ला ओखलकांडा में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब के नशे में अपनी पत्नी पर डंडों और चम्मच आदि से बेरहमी से हमला किया।
घटना के दौरान उसके चार बच्चे भी मौके पर मौजूद थे। वारदात के बाद आरोपी बच्चों को धमकाकर घर से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को 24 अगस्त को वडियाड लूगड़, काठगोदाम के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त 2026 को थाना खनस्यूं पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम तल्ला ओखलकांडा में भीम सिंह पुत्र मानसिंह ने अपनी पत्नी डिक्री देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए हल्द्वानी से फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आवश्यक भौतिक साक्ष्य संकलित किए।
विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी ने अपने चारों बच्चों की मौजूदगी में पत्नी के साथ मारपीट की। पुलिस के अनुसार उसने डंडों और चम्मच आदि से पत्नी को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी रात में घर पर ही सो गया। अगले दिन सुबह उसने अपने बच्चों को धमकाया और घटना के संबंध में किसी को कुछ न बताने की बात कही। इसके बाद वह घर से फरार हो गया।
मृतका के पिता गुमान सिंह की तहरीर के आधार पर थाना खनस्यूं में आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और सुरागरसी-पतारसी में जुटी थी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष खनस्यूं अनीस अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 अगस्त 2026 को आरोपी भीम सिंह को वडियाड लूगड़, काठगोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की विवेचना अभी जारी है।
हाईकोर्ट शिफ्टिंग को लेकर वकीलों में आक्रोश, नैनीताल बार एसोसिएशन ने खोला मोर्चा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के समय वह शराब के नशे में था। उसे अपनी पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था, जिसके चलते उसने उसके साथ मारपीट की। पुलिस के अनुसार इसी मारपीट के दौरान पत्नी की मौत हो गई।
गिरफ्तार अभियुक्त:भीम सिंह पुत्र मानसिंह, निवासी ग्राम तल्ला ओखलकांडा, थाना खनस्यूं, जनपद नैनीताल।
Location : Nainital
Published : 26 August 2026, 12:48 AM IST
Topics : Khansyun Nainital News Uttarakhand News