कैंची धाम मेले पर ‘हाई अलर्ट’ मोड में नैनीताल पुलिस; SSP ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक प्लान पर बताई पूरी रणनीति

कैंची धाम मेले को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बैठक में कई अहम निर्देश जारी किए। भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी और साइबर मॉनिटरिंग पर खास जोर दिया गया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 11 June 2026, 8:13 PM IST

Nainital: विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के जन्मोत्सव एवं कैंची धाम मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी की अध्यक्षता में बुधवार रात हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

SSP ने अधिकारियों को दिए निर्देश

एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर वाहनों को रोका या डायवर्ट किया जाएगा, वहां पर्याप्त संख्या में बैरियर, संकेतक बोर्ड और सूचना पट्ट लगाए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अग्निशमन विभाग, बम निरोधक दस्ता, एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए।

DM की जनसुनवाई में बड़ा फैसला, रायबरेली में बुजुर्ग को मिला हक, SDM ने खुद की जेब से भरा स्टांप शुल्क

बैठक में इन मुद्दों पर हुई चर्चा

बैठक में मेला क्षेत्र और उससे जुड़े संपर्क मार्गों पर अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क किनारे रखी बाधक सामग्री और अवैध पार्किंग को तत्काल हटाने को कहा गया ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्रों में विशेष मोबाइल पार्टियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और यातायात कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन कैमरों और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों, शटल सेवा केंद्रों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Kanpur Crime: हैवानियत की हदे पार, बहाने से कमरे में बुलाकर रिसेप्शनिस्ट से किया दुष्कर्म, FIR दर्ज

साइबर सेल को भी दिए गए निर्देश

एसएसपी ने सोशल मीडिया और साइबर सेल को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा मेडिकल टीम, एंबुलेंस, फायर सर्विस और आपदा राहत टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार रखने को कहा गया।

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं ताकि देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कैंची धाम मेला शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

Location :  Nainital

Published :  11 June 2026, 8:13 PM IST