
गौला पुल से नदी में कूदे छात्र का शव बरामद
Nainital: हल्द्वानी के गौला पुल से नदी में छलांग लगाने वाले 17 वर्षीय छात्र का शव सोमवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने बरामद कर लिया। रविवार शाम से शुरू हुआ तलाश अभियान देर रात तक चलता रहा, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
सोमवार तड़के दोबारा शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान छात्र का शव नदी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब पांच बजे बनभूलपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक किशोर ने गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय तैराकों की मदद से तलाश शुरू कर दी गई। बाद में एसडीआरएफ की टीम भी अभियान में शामिल हुई और देर रात तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने की वजह से अभियान रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एसडीआरएफ और पुलिस ने एक बार फिर संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद नदी से किशोर का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान बरेली रोड स्थित मोतीनगर, हाथीखाल निवासी 17 वर्षीय छात्र के रूप में हुई, जो कक्षा 12 में पढ़ता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र को मोबाइल फोन के अधिक इस्तेमाल को लेकर परिजनों ने फटकार लगाई थी। इसके बाद वह घर से निकल गया और कथित तौर पर गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Nainital
Published : 7 July 2026, 5:39 AM IST
Topics : gaula bridge Gaula river Haldwani Nainital SDRF