
रामनगर: स्कूलों और स्टेशनरी दुकानों पर प्रशासन की छापेमारी( Source: Dynamite)
Ramnagar : रामनगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को प्रशासन और शिक्षा विभाग की टीम ने किताब और स्टेशनरी की दुकानों पर अचानक छापेमारी की। यह कार्रवाई निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों पर किसी खास दुकान से ही किताबें खरीदने का दबाव बनाने की शिकायतों के बाद की गई। एसडीएम और खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से स्कूल संचालकों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की 10 स्टेशनरी और बुक सेलर्स की दुकानों पर जांच की गई। कार्रवाई के दौरान दुकानों पर कई निजी स्कूलों की पर्चियां मिलीं, जो किताबों की खरीद के लिए अभिभावकों को दी गई थीं। मौके पर मौजूद अभिभावकों ने टीम को बताया कि स्कूल संचालकों द्वारा उन्हें केवल चुनिंदा दुकानों से ही किताबें खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जो कि पूरी तरह गैरकानूनी है।
प्रशासन की टीम ने पीरुमदारा क्षेत्र के ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल में भी छापेमारी की। स्कूल के खिलाफ शिकायत मिली थी कि वहां एनसीईआरटी की किताबें तो बाजार से खरीदने को कहा जा रहा है, लेकिन निजी प्रकाशकों की किताबें स्कूल परिसर से ही बेची जा रही हैं। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि कोई भी स्कूल संचालक अपनी संस्था से किताबें नहीं बेच सकता और न ही किसी विशेष दुकान का दबाव बना सकता है।
फ्लाइट में काले मोजे पहनना पड़ सकता है खतरनाक! एक छोटी गलती कैसे बन सकती है बड़ा हादसा?
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने स्कूल फीस को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि यदि कोई स्कूल संचालक निर्धारित फीस से ज्यादा वसूली करता है या दोबारा एडमिशन फीस मांगता है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे ऐसी शिकायतों के लिए बेझिझक प्रशासन से संपर्क करें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
आज की गई इस पूरी जांच की रिपोर्ट मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। एसडीएम ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों और दुकानदारों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आने वाले दिनों में इस तरह के अभियान और तेज किए जाएंगे ताकि अभिभावकों का शोषण रोका जा सके।
Location : Ramnagar
Published : 9 April 2026, 5:12 PM IST