
कैंची धाम (Img: Google)
Nainital: बाबा नीम करौरी महाराज के पावन कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेले को लेकर नैनीताल पुलिस ने 13 जून से 16 जून 2026 तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और शटल सेवा की विस्तृत योजना तैयार की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार बाहरी राज्यों और अन्य जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहनों को सीधे कैंची धाम जाने की अनुमति नहीं होगी। देहरादून, हरिद्वार, दिल्ली, एनसीआर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली की ओर से आने वाले वाहनों को काठगोदाम और गोलापार क्षेत्र में निर्धारित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा। वहां वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं को शटल बसों के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।
रामनगर, कालाढूंगी, लालकुआं और जिले के अन्य क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। ऐसे वाहनों को भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग या अन्य निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा, जहां से शटल सेवा उपलब्ध रहेगी। वहीं नैनीताल, ज्योलीकोट और मुक्तेश्वर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा और वहां से शटल बसों के जरिए कैंची धाम भेजा जाएगा।
अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को खैरना पार्किंग में रोका जाएगा। यहां से भी श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा। साथ ही हल्द्वानी और अल्मोड़ा के बीच सामान्य यातायात बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।
मेले के दौरान भारी माल वाहनों पर विशेष प्रतिबंध लगाया गया है। 13 जून की सुबह छह बजे से 16 जून की रात 11 बजे तक अधिकांश भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। केवल आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहन सीमित समय में ही संचालित हो सकेंगे। अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चम्पावत की ओर जाने वाले माल वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
रोडवेज और केमू बसों का संचालन भी आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। 14 जून की दोपहर दो बजे से 16 जून की दोपहर 12 बजे तक अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर की ओर जाने वाली बसों को भवाली और कैंची धाम क्षेत्र से न ले जाकर रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से संचालित किया जाएगा।
छोटे वाहनों के लिए भी विशेष नियम लागू किए गए हैं। 13 जून की सुबह आठ बजे से 16 जून की शाम चार बजे तक कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही रोका जाएगा। श्रद्धालुओं को आगे की यात्रा शटल सेवा से करनी होगी। दूसरी ओर, पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले टैक्सी और छोटे वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
दुपहिया वाहनों और टैक्सी बाइकों पर भी सख्ती बरती जाएगी। 14 जून की सुबह आठ बजे से 16 जून की शाम चार बजे तक कैंची धाम क्षेत्र में सभी टैक्सी बाइक और दुपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। विभिन्न चौराहों और प्रवेश मार्गों पर इन्हें रोका जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भवाली, भीमताल, खैरना, काठगोदाम, हल्द्वानी और गोलापार समेत दस स्थानों से शटल सेवा संचालित करने की व्यवस्था की है। इसके अलावा भवाली, भीमताल, काठगोदाम और हल्द्वानी में चौपहिया एवं दुपहिया वाहनों के लिए अलग अलग पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें, शटल सेवा का उपयोग करें और यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि कैंची धाम मेले के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Location : Nainital
Published : 11 June 2026, 3:02 PM IST