
अधिकारियों ने बैठक कर दिशा निर्देश दिए (img: Dynamite News)
Nainital: उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने अधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर कैंची धाम में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर एंट्री और एग्जिट व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, हाल ही में तीन दिनों के दौरान करीब 1.30 लाख श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचे। सामान्य वीकेंड पर जहां करीब 21 से 25 हजार श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है, वहीं बीते वीकेंड यह संख्या करीब 40 हजार तक पहुंच गई। जून से कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने की बात सामने आ रही है।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन श्रद्धालुओं के रजिस्ट्रेशन के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके जरिए प्रशासन को पहले से यह अनुमान लगाने में मदद मिलेगी कि किसी विशेष दिन कैंची धाम में कितने श्रद्धालु पहुंच सकते हैं।
इसके साथ ही पोर्टल के माध्यम से क्षेत्र में उपलब्ध ठहरने की क्षमता का भी बेहतर आकलन किया जा सकेगा। इससे भीड़ के दिनों में प्रशासन को यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की योजना बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
अचानक हिलने लगी धरती, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में महसूस हुए भूकंप के झटके
प्रशासन के अनुसार कैंची धाम क्षेत्र में करीब 20 हजार बेड की क्षमता उपलब्ध है। इसके अलावा क्षेत्र में 1019 होमस्टे भी संचालित हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए ठहरने की क्षमता और संभावित भीड़ के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
वीकेंड पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने की स्थिति में मंदिर में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
बढ़ती भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए जरूरत के अनुसार नो-एंट्री और वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र में लगने वाले जाम को भी कम करना है।
प्रशासन की नई व्यवस्था का फोकस भीड़ को पहले से नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने और कैंची धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर रहेगा।
Location : Nainital
Published : 7 October 2026, 4:33 AM IST