हेमकुंड साहिब में रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालुओं की आस्था: कल बंद होंगे कपाट, पाक जत्थे की मौजूदगी में होगी अंतिम अरदास

उच्च गढ़वाल हिमालय में स्थित सिख तीर्थ हेमकुंड साहिब और लोकपाल तीर्थ के कपाट 10 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे बंद होंगे। इस बार रिकॉर्ड 3.78 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। खास बात यह है कि पाकिस्तान से आए 40 श्रद्धालुओं का जत्था भी इस समारोह का गवाह बनेगा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 October 2026, 9:27 AM IST

Chamoli: उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित प्रसिद्ध सिख तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब और लोकपाल तीर्थ के कपाट 10 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे शीतकाल के लिए विधि-विधान से बंद कर दिए जाएंगे। इस बार की यात्रा ऐतिहासिक रही है, जिसमें श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ देखने को मिली।

कपाट बंदी के इस पावन उत्सव को यादगार बनाने के लिए गुरुद्वारा परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और जगमगाती लाइटों से सजाया जा रहा है। कपाट बंद होने के इस क्षण के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु गोविंदघाट पहुंच चुके हैं।

पाकिस्तान से पहुंचा 40 श्रद्धालुओं का जत्था, कड़ी सुरक्षा में रवानगी

इस वर्ष कपाट बंद होने के समारोह की सबसे खास बात पाकिस्तान से आए 40 श्रद्धालुओं के जत्थे की मौजूदगी है। पपिंद्र सिंह की अगुवाई में यह पाकिस्तानी जत्था गुरुवार रात ऋषिकेश पहुंचा, जहां से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वे चमोली के लिए रवाना हो गए।

उत्तराखंड के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: यूपीसीएल का 5900 करोड़ का दावा खारिज, आयोग ने लगाई फटकार

ऋषिकेश और यात्रा मार्ग पर स्थानीय पुलिस तथा खुफिया विभाग (LIU) की टीमें जत्थे की सुरक्षा में तैनात रहीं। यह जत्था हेमकुंड साहिब में मत्था टेकने के बाद 12 अक्टूबर को वापसी में पुनः ऋषिकेश ठहरेगा।

टूटा श्रद्धालुओं का पिछला रिकॉर्ड, 3.78 लाख से अधिक ने टेका मत्था

बदरीनाथ धाम की तर्ज पर इस बार हेमकुंड साहिब में भी श्रद्धालुओं की संख्या ने पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। पिछले वर्ष जहां कुल 2.86 लाख श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे थे, वहीं इस वर्ष 23 मई को कपाट खुलने के बाद से अब तक 3.78 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अनुसार कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन और मलेशिया सहित दुनिया भर से संगतें यहां पहुंची हैं। फिलहाल हेमकुंड की चारों ओर की चोटियों पर बर्फ जमी हुई है और मौसम बेहद सुहाना बना हुआ है।

मायावती ने उत्तराखंड BSP में किया बड़ा बदलाव, कौन बना प्रदेश अध्यक्ष?

सेना के बैंड की 11 टीमें और रागी जत्थे बढ़ाएंगे शोभा

कपाट बंदी के कार्यक्रम को दिव्य बनाने के लिए भारतीय सेना के बैंड की 11 टीमें और प्रसिद्ध रागी बंधु गोविंदघाट पहुंच चुके हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार 9 अक्टूबर को यात्री घांघरिया में प्रवास करेंगे और 10 अक्टूबर की सुबह 5 बजे हेमकुंड साहिब के लिए चढ़ाई शुरू करेंगे।

सुबह 10 बजे सुखमणी साहिब के पाठ के बाद 11:20 बजे शबद कीर्तन होगा और 12:30 बजे इस यात्रा काल की अंतिम अरदास की जाएगी। इसके बाद गुरु ग्रंथ साहिब जी को पंच प्यारों की अगुवाई में सचखंड में सुशोभित किया जाएगा।

Location :  Chamoli

Published :  9 October 2026, 9:27 AM IST