Fire Accident: हल्द्वानी में वाइन शॉप में लगी भीषण आग, करोड़ों का नुकसान; दमकल ने घंटों बाद पाया काबू

हल्द्वानी के तिकोनिया में वाइन शॉप में देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है। दमकल की तीन गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, बड़ा हादसा टल गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 June 2026, 12:27 PM IST

Haldwani: शहर के तिकोनिया चौराहे पर स्थित एक वाइन शॉप में भीषण आग लगने से भारी आर्थिक नुकसान हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान और ऊपर बने गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और घना धुआं देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

देर रात अचानक लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका

जानकारी के अनुसार मल्ला गोरखपुर निवासी राजेंद्र पाल की तिकोनिया स्थित वाइन शॉप में रात करीब दो बजे अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। दुकान में बड़ी मात्रा में शराब का स्टॉक रखा हुआ था, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में फैल गई।

दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना रात लगभग दो बजे दमकल विभाग को दी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। सुबह लगभग साढ़े चार बजे आग पूरी तरह नियंत्रित की जा सकी। अधिकारियों के अनुसार इस हादसे में लगभग आठ करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

हल्द्वानी के होटल में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, बाथरूम में इस हालत में मिली लाश कि उड़ गए होश

आसपास की दुकानों को भी था खतरा, बड़ा हादसा टला

आग इतनी भीषण थी कि आसपास स्थित अन्य दुकानों तक पहुंचने का खतरा पैदा हो गया था। हालांकि दमकल विभाग की तत्परता और समय पर कार्रवाई के चलते आग को फैलने से रोक दिया गया। इससे आसपास की कई दुकानें सुरक्षित बच गईं और एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस और आबकारी विभाग ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दोनों विभागों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। साथ ही आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हल्द्वानी में वनकर्मी की रहस्यमयी हत्या का 24 घंटे में खुलासा, हत्यारोपी कुल्हाड़ी समेत गिरफ्तार

स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी उपायों को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Location :  Haldwani

Published :  2 June 2026, 12:27 PM IST