Haldwani News: दहेज प्रताड़ना से परेशान नवविवाहिता का हल्द्वानी में हंगामा, पुलिस भवन में धरना

हल्द्वानी में दहेज प्रताड़ना से परेशान नवविवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कार्रवाई न होने से नाराज महिला परिवार के साथ पुलिस बहुउद्देशीय भवन में धरने पर बैठ गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 6 March 2026, 7:31 PM IST

Nainital: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक नवविवाहिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग को लेकर खुलकर विरोध शुरू कर दिया। महिला का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, लेकिन पुलिस में शिकायत करने के बावजूद उसे अब तक ठोस राहत नहीं मिल सकी। इसी से नाराज होकर उसने पहले बुधपार्क में धरना दिया और बाद में अपने परिजनों के साथ पुलिस के बहुउद्देशीय भवन पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि महिला की शादी कुछ महीने पहले गौलापार क्षेत्र के पूर्वी खेड़ा में हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उससे दहेज की मांग करते हुए लगातार दबाव बना रहे थे। परेशान होकर उसने काठगोदाम थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मामले को महिला हेल्पलाइन के माध्यम से सुलझाने की कोशिश की गई और दोनों पक्षों की कई बार काउंसलिंग भी करवाई गई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

महिला का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद न तो ससुराल पक्ष का व्यवहार बदला और न ही पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई की गई। इसी से आक्रोशित होकर वह बुधपार्क में धरने पर बैठ गई और न्याय न मिलने पर आत्महत्या तक की चेतावनी दे डाली।

बाद में महिला अपने परिजनों के साथ हल्द्वानी कोतवाली पहुंची और वहां से पुलिस बहुउद्देशीय भवन में बैठकर विरोध जारी रखा। मौके पर हंगामे की स्थिति बनती देख पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाने की कोशिश की और कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस पूरे मामले पर एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location : 
  • Nainital

Published : 
  • 6 March 2026, 7:31 PM IST