Haldwani News: माता-पिता गए थे गांव और पीछे से घट गई बड़ी अनहोनी, 10 साल की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

हल्द्वानी के हल्दूचौड़ में एक 10 वर्षीय बच्ची पायल की खाना खाने के बाद पेट दर्द होने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुशीला तिवारी अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 9:30 AM IST

Haldwani: उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। हल्दूचौड़ क्षेत्र में रहने वाली एक 10 वर्षीय मासूम बच्ची पायल की अचानक पेट में दर्द उठने के बाद मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद से बच्ची के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्ची की अचानक बिगड़ी तबीयत और इतनी कम उम्र में मौत हो जाने से स्थानीय इलाके के लोग भी स्तब्ध हैं।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम चुकी थीं सांसें

घटना के संबंध में पुलिस और अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार पायल की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ गई थी। आनन-फानन में उसे हल्द्वानी के प्रसिद्ध डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) लाया गया। हालांकि, जब तक उसे आपातकालीन वार्ड में पहुंचाया जाता तब तक काफी देर हो चुकी थी।

एसटीएच के वरिष्ठ सर्जन डॉ. पंकज वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची को जब अस्पताल परिसर लाया गया, तब उसकी धड़कनें पूरी तरह बंद हो चुकी थीं। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हल्द्वानी में युवती की रहस्यमय मौत पर बवाल, जानिए पूरा मामला

खाना खाने के बाद अचानक शुरू हुआ था दर्द

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पीड़ित पिता रामपाल ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह मूल रूप से हल्दूचौड़ में ही किसी व्यक्ति के यहां खेती-किसानी और मजदूरी का काम करते हैं। रामपाल के परिवार में उनकी पत्नी और चार बच्चे हैं, जिनमें मृतका पायल बीच की संतान थी। रामपाल कुछ दिनों के लिए अपनी पत्नी के साथ बहेड़ी के पास स्थित अपने गांव गए हुए थे।

इस दौरान पायल अपने मकान मालिक के घर पर ही रुकी हुई थी। गुरुवार को मालिक की ओर से उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि खाना खाने के बाद पायल के पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हुआ और देखते ही देखते उसकी तबीयत गंभीर हो गई।

Road Accident हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा, सड़क पर गिरे किशोर को बाइक ने कुचला

पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा

मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मुस्तैद हो गई। पुलिस की मौजूदगी में मृतका के शव का पंचनामा भरा गया और डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।

औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पुलिस ने बच्ची का शव उसके अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का साफ पता चल सकेगा, फिलहाल मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

Location :  Haldwani

Published :  16 May 2026, 9:27 AM IST