
कांग्रेस ने लगाया राजनीतिक दबाव का आरोप (IMG: Dynamite News)
Haldwani: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में होने वाली जनसभा से पहले शहर का सियासी माहौल गरमा गया। रैली में शामिल होने आ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बसें और वाहन रोके जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश समेत कई कांग्रेस नेता एसएसपी कार्यालय पहुंच गए। नेताओं ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में धरना दिया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अलग-अलग स्थानों पर रैली में शामिल होने हल्द्वानी आ रहे कार्यकर्ताओं की बसों और वाहनों को पुलिस रोक रही है। नेताओं ने इसे राजनीतिक दबाव में की जा रही कार्रवाई बताते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बसों को बेवजह रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन वह सरकार के दबाव में काम कर रहा है।
Haldwani: हल्द्वानी में कोरोना की फिर दस्तक, सुशीला तिवारी अस्पताल में महिला पॉजिटिव
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने एसएसपी मंजूनाथ टीसी पर रैली में आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वाहनों को रोके जाने का आरोप लगाया। विधायक ने फेसबुक लाइव के जरिए पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई और कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर आगे आंदोलन करेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस इस रैली को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है। पार्टी की ओर से जनसभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने का दावा किया गया है।
रैली से एक दिन पहले कांग्रेस नेताओं ने प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई समेत कई मुद्दों को लेकर हमला बोला था। अब रैली से ठीक पहले कार्यकर्ताओं की बसें रोके जाने के आरोप ने राजनीतिक विवाद को और बढ़ा दिया है।
Haldwani: मां ढूंढती रही लापता बेटी, पुलिस ने खंगाले CCTV कैमरे, फिर जांच में सामने आई घिनौनी वारदात
खरगे की जनसभा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने हल्द्वानी में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। अलग अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग और रूट की व्यवस्था की गई है। प्रशासन का उद्देश्य जनसभा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
बसों और वाहनों को रोके जाने के आरोप को लेकर कांग्रेस और पुलिस प्रशासन आमने-सामने हैं। शनिवार को होने वाली खरगे की जनसभा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के साथ साथ इस राजनीतिक विवाद पर भी नजर रहेगी।
Location : Haldwani
Published : 8 August 2026, 4:57 PM IST