हल्द्वानी में EVPL T20 लीग की शुरुआत…पहले ही दिन बिगड़ी, उद्घाटन मुकाबला हुआ रद्द; जानें इसके पीछे की वजह

हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में ईवीपीएल टी20 लीग का उद्घाटन मुकाबला रद्द होने से दर्शकों में नाराजगी फैल गई। टिकट रिफंड की मांग को लेकर स्टेडियम के बाहर हंगामा हुआ। आयोजकों ने अगले मैच में टिकट मान्य रहने की बात कही है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 4 February 2026, 1:51 PM IST

Haldwani: नैनीताल जिले के हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में ईवीपीएल टी20 लीग की शुरुआत पहले ही दिन विवादों में घिर गई। तीन फरवरी से बारह फरवरी तक प्रस्तावित इस टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला अचानक रद्द कर दिया गया, जिससे स्टेडियम पहुंचे हजारों दर्शकों में नाराजगी फैल गई। क्रिकेट प्रेमी लंबे इंतजार के बाद पहली बार इस मैदान पर राष्ट्रीय स्तर का टी20 मुकाबला देखने पहुंचे थे।

उत्तराखंड सोल्जर बनाम दिल्ली नाइट मुकाबला रद्द

टूर्नामेंट के पहले दिन शाम को उत्तराखंड सोल्जर और दिल्ली नाइट टीम के बीच मुकाबला खेला जाना था। दर्शक समय से पहले स्टेडियम पहुंच चुके थे, लेकिन अचानक अनाउंसमेंट के जरिए यह सूचना दी गई कि आज का मैच नहीं होगा। बिना किसी पूर्व जानकारी के मैच रद्द होने से दर्शकों में निराशा और गुस्सा साफ नजर आया।

स्टेडियम के बाहर फूटा दर्शकों का गुस्सा

मैच रद्द होने की खबर के बाद स्टेडियम के भीतर और बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में दर्शक गेट के बाहर इकट्ठा हो गए और टिकट के पैसे वापस करने की मांग करने लगे। कुछ देर में ही विरोध प्रदर्शन तेज हो गया और आयोजकों के खिलाफ नारेबाजी भी शुरू हो गई।

हल्द्वानी में सीएम का दौरा: घर से निकलने से पहले इन रास्तों से बचकर चलें, देखिए ट्रैफिक प्लान

आयोजकों की सफाई, लेकिन नहीं माने दर्शक

स्थिति बिगड़ते देख आयोजकों ने दर्शकों को समझाने की कोशिश की। उन्होंने घोषणा की कि खरीदे गए टिकट अगले मैच में मान्य रहेंगे और टिकट की राशि समायोजित कर दी जाएगी। हालांकि, नाराज दर्शक टिकट एडजस्टमेंट के बजाय नकद रिफंड की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक लोगों और आयोजकों के बीच तनाव बना रहा।

प्रवीण कुमार भी लौटे बिना मैच देखे

पहले दिन मैच देखने के लिए भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार भी स्टेडियम पहुंचे थे। लेकिन मैदान पर कोई गतिविधि न होने और मुकाबला रद्द होने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें भी दर्शकों की तरह मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। यह स्थिति आयोजन की गंभीरता पर सवाल खड़े करती नजर आई।

कुमाऊं के लिए ऐतिहासिक आयोजन

ईवीपीएल टी20 लीग कुमाऊं क्षेत्र के लिए खास मानी जा रही है, क्योंकि यह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार राष्ट्रीय स्तर के टी20 मुकाबलों की मेजबानी कर रही है। इसी वजह से स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्साह था, जो पहले ही दिन की घटना से ठेस पहुंचा।

14 मैचों की लीग, फ्लड लाइट में होना था ओपनिंग गेम

तीन से बारह फरवरी तक चलने वाली इस लीग में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं और 14 मुकाबले खेले जाने हैं। उद्घाटन मैच फ्लड लाइट में आयोजित किया जाना था, जिसकी तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं। बावजूद इसके, मैच का अचानक रद्द होना कई सवाल खड़े करता है।

हल्द्वानी पहुंचे पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार, स्टेडियम निरीक्षण के साथ साझा की अपनी यादें; जानिये क्या कहा…

आयोजकों ने बताई रद्द होने की वजह

मैच रद्द होने के बाद आयोजकों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम से जुड़े एक साझेदार के आकस्मिक निधन के कारण मुकाबला स्थगित किया गया है। आयोजकों ने यह भी भरोसा दिलाया कि टूर्नामेंट के बाकी सभी मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही कराए जाएंगे और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

Location : 
  • Haldwani

Published : 
  • 4 February 2026, 1:51 PM IST