पूर्व विधायक सुरेश राठौर को भाजपा का कारण बताओ नोटिस, दूसरी शादी और विवादों के चलते फिर सुर्खियों में

उत्तराखंड की राजनीति में इस वक्त हड़कंप मचा हुआ है, जहां एक बार फिर सुरेश राठौर चर्चा का विषय बने हुए हैं। जानने के लिए पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की ये रिपोर्ट

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 24 June 2025, 5:26 PM IST
google-preferred

हरिद्वार: ज्वालापुर विधानसभा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर एक बार फिर चर्चाओं में आ गए हैं। अभिनेत्री उर्मिला सनावर के साथ दूसरी शादी को लेकर हाल ही में सार्वजनिक बयान देने के बाद भाजपा ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए यह कदम उठाया है।

गौरतलब है कि सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कुछ समय पूर्व एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी दूसरी शादी की बात को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था। इससे पहले उर्मिला सनावर की ओर से पूर्व विधायक और अन्य महिलाओं पर गंभीर आरोप लगाए गए थे, जिससे विवाद ने और तूल पकड़ लिया था।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक इस पूरे मामले में भाजपा का नाम भी लगातार सोशल मीडिया पर उछलता जा रहा है, जिससे पार्टी की छवि को ठेस पहुंची है। विवाद बढ़ने पर सुरेश राठौर ने उर्मिला को सार्वजनिक तौर पर अपनी पत्नी का दर्जा देते हुए सहारनपुर में बाकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी।

सुरेश राठौर हो सकते हैं पार्टी से बाहर
अब भाजपा ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौर से जवाब तलब किया है। पार्टी की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस में पूछा गया है कि क्यों न उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। पार्टी सूत्रों की मानें तो यदि सुरेश राठौर पार्टी को संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं तो उन्हें भाजपा से बाहर का रास्ता भी दिखाया जा सकता है।

राजनीतिक गलियारों में मची हड़कंप
इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। जहां एक ओर राठौर का निजी जीवन लगातार सुर्खियों में बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर भाजपा इस मसले को लेकर अपनी छवि की रक्षा करने में जुटी हुई है।
अब देखना यह होगा कि सुरेश राठौर पार्टी को क्या जवाब देते हैं और भाजपा उनके खिलाफ क्या रुख अपनाती है। फिलहाल यह विवाद पूर्व विधायक के लिए नई मुसीबत बनता दिख रहा है।

कौन है सुरेश राठौर?
सुरेश राठौर हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक हैं। हाल ही में उन्होंने सहारनपुर निवासी महिला उर्मिला सनावर को एक संयुक्त प्रेस वार्ता में अपनी दूसरी पत्नी के रूप में स्वीकार किया है। इससे पहले दोनों के बीच गंभीर विवाद और मुकदमेबाजी का दौर चला था।

Location : 
  • Haridwar

Published : 
  • 24 June 2025, 5:26 PM IST