Dehradun Murder Case: पानी विवाद में भाजपा नेता की हत्या, आरोपितों के घरों पर चली बुलडोजर कार्रवाई

Dehradun के सहसपुर क्षेत्र में पानी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह संयोजक विनोद कुमार की कथित तौर पर हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि प्रशासन ने आरोपितों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 June 2026, 4:28 PM IST

Dehradun: सहसपुर क्षेत्र में पानी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बैरागीवाला गांव में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह संयोजक विनोद कुमार की कथित तौर पर हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। प्रशासन ने आरोपितों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की।

 पानी के विवाद ने लिया हिंसक रूप

जानकारी के अनुसार बैरागीवाला गांव में पहले से पानी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। मृतक विनोद कुमार के भाई अशोक कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोसी खेत में पानी को लेकर कई दिनों से कहासुनी हो रही थी। शनिवार शाम करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे, हथौड़े, बेलचे और लकड़ी की फट्टियां थीं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

 हथौड़े के वार से हुई विनोद की मौत

परिजनों के अनुसार हमलावरों ने परिवार के कई लोगों पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह संयोजक विनोद कुमार पर हथौड़े से हमला किया गया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले में अशोक कुमार, राजेश और सुषमा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में 12 मनोनित और कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब तक चार आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज शामिल हैं। सभी बैरागीवाला गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस बाकी आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है।

 गांव में तनाव, तोड़फोड़ और पथराव

घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया। आक्रोशित लोगों और कुछ हिंदू संगठनों ने आरोपितों के घरों पर पथराव और तोड़फोड़ की। कुछ जगहों पर सामान में आग लगाने की भी खबर सामने आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार गांव में गश्त कर रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

आरोपितों के घरों पर चली बुलडोजर कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन बुलडोजर लेकर आरोपितों के घर पहुंचे। अधिकारियों ने मकानों को चिन्हित करने के बाद कार्रवाई शुरू की। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

 मुख्यमंत्री धामी ने दिया सख्त संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग कानून को चुनौती देंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना दोबारा न हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Location :  Dehradun

Published :  14 June 2026, 4:28 PM IST