Dehradun: 16 करोड़ का पुल पहली ही बारिश में धंसा, बीच सड़क बनी मौत का गड्ढा; जनता के सामने आई घटिया निर्माण की काली सच्चाई

देहरादून के नंदा की चौकी के पास 16 करोड़ से बना नया पुल पहली ही बारिश में धंस गया, जिससे यातायात ठप हो गया है। उधर, मौसम विभाग ने देहरादून और नैनीताल समेत 9 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 28 July 2026, 12:01 PM IST

Dehradun: उत्तराखंड में मानसून के दोबारा सक्रिय होते ही प्रशासनिक दावों और निर्माण की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। देहरादून के नंदा की चौकी के पास हाल ही में बनकर तैयार हुआ नया पुल पहली ही मानसूनी बारिश का थपेड़ा सहन नहीं कर सका।

करीब 16 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बने इस पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा बनने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस रूट पर गाड़ियों की आवाजाही तुरंत पूरी तरह रोक दी गई।

जाम से हलकान हुए लोग, व्यवस्था लाचार

पुल टूटने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। सिर्फ नंदा की चौकी ही नहीं, बल्कि शहर के रेंजर्स ग्राउंड के पास भी भारी जलभराव देखने को मिला। सड़कों पर पानी भरने से गाड़ियां रेंगती नजर आईं और आम लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

देवभूमि उत्तराखंड में बाकी राज्यों से अलग क्यों चलता है हर महीना? जानें इसके पीछे की धार्मिक और प्रकृति मान्यता

नए-नवेले पुल का इस तरह पहली ही बारिश में धराशायी होना सीधे तौर पर घटिया निर्माण सामग्री और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही की तरफ इशारा कर रहा है।

उत्तराखंड के 9 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

एक तरफ निर्माण कार्य की पोल खुल रही है, तो दूसरी तरफ मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। इन इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ-साथ तेज बिजली कड़कने की भी पूरी आशंका जताई गई है।

भीड़भाड़ से दूर, कुदरत के करीब: उत्तराखंड की 4 ऐसी अनसुनी खूबसूरत जगहें, जहां कदम रखते ही मिलेगा स्वर्ग जैसा सुकून

2 अगस्त तक आफत, अनावश्यक सफर से बचें

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 2 अगस्त तक पूरे राज्य में आफत का यह दौर जारी रहेगा। नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने की संभावना को देखते हुए पहाड़ों में रहने वाले लोगों को खास सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

Location :  Dehradun

Published :  28 July 2026, 11:25 AM IST