बड़ी खबर: उत्तराखंड में बादल फटने से बड़ी तबाही, चमोली में कई गड़ियां बही, BRO पुल ध्वस्त, पढ़ें पूरा अपडेट

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में कई दिनों से जारी भारी बारिश के बीच एक चिंताजनक खबर सामने आई है। चमोली में बादल फटने से कई गाड़ियों के बहने की खबर है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 10 August 2026, 6:40 PM IST

Gopeshwar (Chamoli): उत्तराखंड (Uttarakhand) के पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। नदियां और गाढ़-गधेरे ऊफान पर है। कई सड़कें टूट चुकी हैं और आवागमन बाधित हो रहा है। इन सभी मुश्किलों के बीच एक चिंताजनक खबर है। चमोली जनपद के तमक में एक साथ कई बार बादल फटने से कई गाड़ियों के बहने की खबर है। इस घटना में तमक में सीमा सड़क संगठन (BRO) का 40 मीटर लंबा पुल भी ध्वस्त हो गया है। नीति घाटी और मलारी जाने वाला मार्ग भी बाधित हो गया है।

जोशीमठ से करीब 37 किमी आगे लोंग (तमक)में बादल फटने के बाद तमक के पास वैली ब्रिज उफनती नदी की चपेट में आ गया। ब्रिज तेज बहाव में बह गया। यह ब्रिज हाल ही में बनाया गया था। ब्रिज के बहने से 17 से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है।

एक साथ तीन बार बादल फटे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तमक में सोमवार को एक साथ तीन बार बादल फटने की घटना हुई। इस दौरान वहां मलबे में कई गाड़ियां बह गई और बीआरओ पुल भी ध्वस्त होकर बह गया। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव के कार्य शुरू कर दिये गये हैं।

मौके पर राहत और बचाव के लिये अतिरिक्त टीमें भेजी जा रहीं है। हालांकि, बादाल फटने की इस घटना से कितना नुकसान, कितनी गाड़ियां बही, कहां-कहां टूट-फूट हुई, अभी तक इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है।

बादल फटने के बाद बीआरओ पुल के ध्वस्त होने और बहने का वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो को देखकर क्षेत्र में बड़ी तबाही की आशंका जतायी जा रही है।

बादल फटने की इस घटना के बाद नीति घाटी के लिए जाने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। चमोली प्रशासन ने लोगों को अनावाश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

एक्शन मोड में सीएम पुष्कर सिंह धामी

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सभी अफसरों को तत्काल एक्शन लेने और अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि मौके पर NDRF और अन्य विभाग के अफसर पहुंच गए हैं।

Location :  Uttarakhand

Published :  10 August 2026, 6:01 PM IST