हिंदी
चारधाम यात्रा 2026 (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Dehradun: उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर होगी। लाखों श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा के लिए पहले से ही उत्साहित हैं और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
यात्रा की शुरुआत सबसे पहले यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगी। दोनों धामों के कपाट 19 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसके बाद अन्य धामों के कपाट भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खोले जाएंगे।
चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में 17 अप्रैल से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया, जहां पहले दो घंटों में ही करीब 150 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन मार्च के पहले सप्ताह में ही शुरू हो गया था, जिसमें लाखों श्रद्धालु पहले ही घर बैठे पंजीकरण कर चुके हैं। जो यात्री ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाए, उनके लिए ऑफलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उत्तराखंड सरकार ने यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया है। बिना रजिस्ट्रेशन किसी भी यात्री को धामों में प्रवेश नहीं मिलेगा। यात्रियों को QR कोड आधारित पास साथ रखना जरूरी होगा, जिससे भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
ऋषिकुल मैदान में 20 काउंटर बनाए गए हैं, जहां 24 घंटे तीन शिफ्ट में रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। इसके अलावा ऋषिकेश और देहरादून के विकासनगर में भी पंजीकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां आधार कार्ड और फोटो आईडी के आधार पर रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया तेज (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। हरबर्टपुर बस स्टॉप से भी यात्रा की तैयारी पूरी कर ली गई है। तीन बसों को दस्तावेजों की जांच के बाद यमुनोत्री और गंगोत्री मार्ग पर रवाना किया गया है। आरटीओ और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
एसएसपी ने बताया कि यात्रा के लिए 7 सीजनल पुलिस चौकियां और 10 टूरिस्ट पुलिस केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
चारधाम यात्रा से पहले धारी देवी मंदिर परिसर जगमग, इस आधुनिक लाइटिंग का दिखा रोचक नजारा
जिलाधिकारी ने बताया कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया गया है। सरकार और प्रशासन का लक्ष्य है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा अनुभव मिल सके।
Location : Dehradun
Published : 18 April 2026, 12:29 PM IST