Chamoli Helicopter Crash: दुर्गम पहाड़ों में रातभर चला रेस्क्यू, खाई से निकले 6 मृतक शव, सभी को ज्योतिर्मठ पहुंचाया

चमोली हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के शव रेस्क्यू कर ज्योतिर्मठ पहुंचा दिए गए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और सेना की टीमों ने दुर्गम रास्तों से शव निकाले।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 November 2026, 10:29 AM IST

Chamoli: उत्तराखंड के चमोली जिले में हुए हेलीकॉप्टर हादसे के बाद रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है। दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के शव खाई से निकालकर ज्योतिर्मठ पहुंचा दिए गए हैं। शनिवार को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना, स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने दुर्गम रास्तों के बीच अभियान चलाया।

काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को घटनास्थल से निकालकर सड़क मार्ग तक पहुंचाया गया। अंतिम शव सुबह 4:40 बजे रेस्क्यू टीम लेकर पहुंची। इसके बाद सुबह 6:20 बजे सभी शव ज्योतिर्मठ की मोर्चरी में पहुंचाए गए।

दुर्गम पहाड़ी रास्तों से जवानों ने निकाले शव

हेलीकॉप्टर दुर्घटनास्थल पहाड़ी और जंगल वाले दुर्गम इलाके में स्थित था। ऐसे में रेस्क्यू टीमों को शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस, प्रशासन और सेना के जवान शामिल रहे। संयुक्त टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए सभी छह शवों को सुरक्षित बाहर निकाला। अंतिम शव को सुबह 4:40 बजे घटनास्थल से तोली नाला के पास सड़क मार्ग तक लाया गया।

बदरीनाथ हेलीकॉप्टर हादसा: दूसरे दिन रेस्क्यू अभियान तेज, घटनास्थल से निकाले जाएंगे छह शव, DGCA करेगी जांच

ज्योतिर्मठ मोर्चरी में रखे गए शव, एम्स ऋषिकेश भेजने की तैयारी

रेस्क्यू के बाद सभी शव सुबह 6:20 बजे ज्योतिर्मठ की मोर्चरी पहुंचाए गए। चिकित्सकों ने सभी छह लोगों को मृत घोषित कर दिया है। इसके बाद शवों का पंचनामा और जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

शव को रेस्क्यू कर ज्योतिर्मठ पहुंचाए गए (Img- X)

जानकारी के अनुसार, आगे की प्रक्रिया के लिए शवों को हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजे जाने की तैयारी है। हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को सूचना देने और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

खराब मौसम के बीच पहाड़ी से टकराया था हेलीकॉप्टर

यह हादसा शुक्रवार को उस समय हुआ, जब ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। खराब मौसम के बीच ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की जगह हाथी पहाड़ के ऊपर चांई गांव और लामबगड़ के बीच जंगल में बताई गई है। दुर्घटना के बाद हेलीकॉप्टर में सवार पायलट और पांच यात्रियों की मौत हो गई थी।

जोशीमठ में बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा, 6 लोगों की मौत; बदरीनाथ से ऋषिकेश जा रहा था विमान

माणा गांव घूमकर लौट रहे थे यात्री

हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। बताया गया कि यात्री देश के प्रथम गांव माणा घूमने गए थे। वहां से लौटने के बाद सभी सहस्त्रधारा के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुए थे। इसी दौरान ज्योतिर्मठ क्षेत्र में विमान हादसे का शिकार हो गया।

हादसे में इन छह लोगों की गई जान

दुर्घटना में पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48), निवासी दिल्ली की मौत हुई। उनके साथ यात्रा कर रहे कर्नाटक निवासी प्रतापा (41), अरुण सालुंके (44), वी.बी. शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) और एच.एस. नटराजा (51) ने भी जान गंवाई। हादसे के बाद सभी शवों को निकालने के लिए चलाया गया रेस्क्यू अभियान अब पूरा हो चुका है।

Location :  Chamoli

Published :  1 November 2026, 10:29 AM IST