नैनीताल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दौरे की बड़ी अपडेट, जानिए क्या-क्या किया गया तैयारी में

सरोवर नगरी इस बार एक ऐतिहासिक अवसर की गवाह बनने जा रही है। नैनीताल के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन और चार नवंबर 2025 को नैनीताल में दो दिवसीय जनपद प्रवास पर रहेंगी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 2 November 2025, 5:29 PM IST

Nainital: सरोवर नगरी इस बार एक ऐतिहासिक अवसर की गवाह बनने जा रही है। नैनीताल के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन और चार नवंबर 2025 को नैनीताल में दो दिवसीय जनपद प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान जिले में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को पूरी तरह कड़ा किया जाएगा।

पहले दिन का कार्यक्रम

राष्ट्रपति तीन नवंबर को दोपहर तीन बजकर पांच मिनट पर देहरादून के जीटीसी हेलीपैड से प्रस्थान करेंगी और चार बजकर दस मिनट पर हल्द्वानी के आर्मी हेलीपैड पहुंचेंगी। वहां से चार बजकर बीस मिनट पर कार द्वारा राजभवन नैनीताल के लिए रवाना होंगी।

नैनीताल में सुरक्षा अलर्ट: अचानक बढ़ाए गए कड़े इंतजाम, जानिए क्या है बड़ी वजह

राजभवन पहुंचने के बाद राष्ट्रपति, राजभवन के 125 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भाग लेंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी। प्रशासन ने राजभवन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं।

दूसरे दिन का कार्यक्रम

चार नवंबर को राष्ट्रपति सुबह आठ बजकर पचास मिनट पर राजभवन के मुख्य द्वार पर आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इसके बाद वे नीम करोली बाबा आश्रम, कैंची धाम के दर्शन के लिए रवाना होंगी। आश्रम में उनका प्रवास सुबह दस बजकर पांच मिनट से दस बजकर पैंतीस मिनट तक रहेगा। इसके बाद वे नैनीताल लौटेंगी।

कुमाऊं विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह

राष्ट्रपति सुबह ग्यारह बजकर पंद्रह मिनट पर कुमाऊं विश्वविद्यालय पहुंचेंगी, जहां वे विश्वविद्यालय के बीसवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस अवसर पर वे छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देंगी।

राष्ट्रपति के स्वागत में निखरा नैनीताल…काश हर साल होता VVIP दौरा, देखें क्या बोले लोग?

लौटने का कार्यक्रम

दीक्षांत समारोह के बाद दोपहर बारह बजकर पंद्रह मिनट पर राष्ट्रपति राजभवन लौटेंगी और दोपहर दो बजकर तीस मिनट पर हल्द्वानी के आर्मी हेलीपैड के लिए रवाना होंगी। वहां से अपराह्न चार बजे राष्ट्रपति बरेली हवाई अड्डे के लिए प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का नैनीताल दौरा प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है। यह दौरा न केवल राजभवन के 125 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है, बल्कि शिक्षा और सामाजिक कार्यक्रमों में राष्ट्रपति की भागीदारी से जिले में उत्साह और गर्व की भावना भी बढ़ेगी।

Location : 
  • Nainital

Published : 
  • 2 November 2025, 5:29 PM IST