
रातभर धधकता रहा श्यामखेत का जंगल (Img- Internet)
Nainital: भवाली के श्यामखेत से सटे जंगलों में गुरुवार की रात अचानक भीषण आग लग गई। सूखी पत्तियों और तेज हवाओं के कारण देखते ही देखते सुबह तक आग ने पूरे जंगल को अपनी चपेट में ले लिया। रातभर धधकती इस आग की लपटें जब सुबह आबादी वाले इलाकों की तरफ बढ़ने लगीं, तो स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया। खतरे को भांपते हुए ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सुबह करीब आठ बजे वन कर्मियों की टीम आग बुझाने के लिए साजो-सामान के साथ मौके पर पहुंची।
जंगल में आग बुझाने उतरे वन कर्मियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दरअसल, चीड़ के पेड़ों से गिरे सूखे पिरूल (चीड़ की सूखी पत्तियां) ने ईंधन का काम किया, जिससे आग बुझने के बजाय तेजी से फैलती चली गई।
Nainital: कालाढूंगी में हत्या के मामले में फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार
वन कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत 'फायर लाइन' काटी और श्यामखेत की तरफ बढ़ रही आग को रोका। हालांकि, तब तक आग की लपटें विकराल रूप धारण कर तीनमोड़ घोड़ाखाल से सटे जंगलों तक पहुंच चुकी थीं, जिसने वन विभाग की मुश्किलों को दोगुना कर दिया।
गुरुवार की पूरी रात और शुक्रवार का पूरा दिन यह पहाड़ी जंगल दावानल की चपेट में जलता रहा। आसमान में धुएं का गुबार छाने से आसपास के लोगों को सांस लेने में भी दिक्कतें होने लगी थीं। वन विभाग की टीम ने बिना थके लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
रेंजर विजय मेलकानी ने बताया कि टीम की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार शुक्रवार शाम के वक्त वनाग्नि को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। वन विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि आग प्राकृतिक कारणों से लगी या किसी मानवीय लापरवाही की वजह से।
Location : Nainital
Published : 23 May 2026, 9:49 AM IST