
मानसून के बावजूद जारी है आस्था का सैलाब
Dehradun: उत्तराखंड में मानसून की शुरुआत हो चुकी है, जिसके कारण पहाड़ों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। इस सबके बावजूद चारधाम यात्रा के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध भू-बैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम और बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम लगातार जारी है।
हालांकि, खराब मौसम और बारिश को देखते हुए पिछले कुछ दिनों में यात्रियों की संख्या में आंशिक कमी जरूर दर्ज की गई है, लेकिन दोनों ही पवित्र धामों में दर्शन की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। देश-विदेश से आने वाले भक्त पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ बाबा केदार और भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर रहे हैं।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा से जुड़े ताजा आंकड़े साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि 28 जून, 2026 तक श्री बदरीनाथ धाम में रिकॉर्ड 13,62,601 श्रद्धालुओं ने शीश नवाया है।
वहीं दूसरी ओर, श्री केदारनाथ धाम में भी आस्था का ऐसा ही सैलाब देखने को मिला, जहां अब तक 13,52,905 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। इस प्रकार, मानसून के शुरुआती दौर तक दोनों प्रमुख धामों में कुल मिलाकर 27,15,703 श्रद्धालु दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त कर चुके हैं, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मानसून के खतरों को देखते हुए मंदिर समिति बेहद गंभीर है। यात्रियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए मंदिर समिति राज्य सरकार, स्थानीय जिला प्रशासन, उत्तराखंड पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और चारधाम यात्रा से जुड़े तमाम अन्य सरकारी विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाकर काम कर रही है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं के लिए सभी टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और पल-पल बदल रहे मौसम की परिस्थितियों पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
चारधाम यात्रा से लौटते समय बड़ा हादसा: देवप्रयाग में गंगा में गिरी कार, तीन महिलाएं अब भी लापता
मौसम के बदलते रुख को देखते हुए बीकेटीसी के अध्यक्ष ने चारधाम आने वाले सभी श्रद्धालुओं से एक विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर निकलने से पहले सभी यात्री मौसम संबंधी ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
इसके साथ ही शासन और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली गाइडलाइंस और एडवाइजरी का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे मौसम अनुकूल होने पर ही अपनी आगे की यात्रा शुरू करें और पहाड़ी मार्गों पर सफर के दौरान धैर्य, संयम और अनुशासन बनाए रखें।
Location : Dehradun
Published : 30 June 2026, 10:24 AM IST