आस्था के भेष में बड़ा छल! बदरीनाथ धाम से गायब हुआ भगवान का सोने का मुकुट, बाबा ही निकला चोर

बदरीनाथ धाम में भजन-कीर्तन के नाम पर शरण लेने वाले साधु ने चुराया भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट! चमोली पुलिस ने तकनीकी सबूतों के दम पर आरोपी बाबा को 5 लाख के मुकुट और नकदी के साथ दबोचा। जानिए आस्था की आड़ में हुए इस बड़े छल की पूरी कहानी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 July 2026, 9:51 AM IST

Chamoli: उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां भक्ति और आस्था का नकाब पहनकर आए एक साधु ने ही भगवान के पावन धाम को निशाना बना डाला।

जिस धाम में लाखों श्रद्धालु सिर झुकाने आते हैं, वहीं एक बाबा ने भगवान नारायण का लगभग 5 लाख रुपये मूल्य का स्वर्ण मणि जड़ित मुकुट पार कर दिया। चमोली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है और चुराया गया पवित्र मुकुट भी सकुशल बरामद कर लिया है।

शरण देने वाले आश्रम को ही दिया चकमा

पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी साधु, ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम (ब्रह्मकपाल) में भजन-कीर्तन में शामिल होने के लिए ठहरा हुआ था। आश्रम के लोगों ने उसे भक्त और साधक समझकर जगह दी थी, लेकिन 24 जुलाई 2026 की रात उसने अपने असली इरादे दिखा दिए।

बदरीनाथ मंदिर समिति में हड़कंप: जिस पर था खजाने की सुरक्षा का जिम्मा, वही निकला चढ़ावा चोरी का मास्टरमाइंड

उसने मौका पाकर न केवल भगवान नारायण का बेशकीमती मुकुट चुराया, बल्कि आश्रम में रखी नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया और रातों-रात चंपत हो गया।

तीसरी आंख और मुखबिर के जाल में फंसा बाबा

जब आश्रम प्रबंधन को चोरी का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। चमोली के एसपी के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने धाम के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के नेटवर्क को सक्रिय किया। आखिरकार 29 जुलाई को पुलिस ने बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास से आरोपी को घेरकर धर दबोचा।

बदरीनाथ मंदिर फंड का वो सीक्रेट, जिसे लेकर हेमंत द्विवेदी ने गणेश गोदियाल को सीधे धाम पर बुलाया!

यूपी का रहने वाला निकला आरोपी साधु

पकड़े गए आरोपी की पहचान 57 वर्षीय राघवराम पाठक उर्फ राघवदास के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले का निवासी है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर भगवान का स्वर्ण मुकुट, चोरी के पैसों में से 4,500 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल किया गया काला बैग बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धाराओं को बढ़ाकर उसे कोर्ट में पेश किया गया है, जहाँ से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Chamoli

Published :  31 July 2026, 9:51 AM IST