उत्तराखंड में हर वर्ष देश-विदेश के लाखों सैलानी घूमने आते हैं। पहाड़ों की शांत वादियां उन्हें सुकून देती हैं, लेकिन कुछ ऐसे शरारती तत्व होते हैं जो पर्यटकों के साथ बदसलूकी कर अपने साथ ही राज्य को भी भारी नुकसान पहुंचा देते हैं। सरोवर नगरी नैनीताल में एक ऐसा ही मामला सामने आया है।

नैनीताल घूमने आई युवती से छेड़छाड़
Nainital: उत्तराखंड की शांत वादियां देश-विदेश के पर्यटकों को लुभाती रही हैं। प्रतिवर्ष यहां देश विदेश से लाखों टूरिस्ट आते हैं, लेकिन कुछ ऐसे शरारती तत्व होते हैं जो इन पर्यटकों से दुर्व्यवहार करके अपने साथ ही राज्य को भी बहुत बड़ा नुकसान पहुंचाते हैं।
ताजा मामला नैनीताल जिले का है। बताया जाता है कि दिल्ली से नैनीताल घूमने आई एक युवती के साथ टैक्सी ड्राइवर ने बलात्कार का प्रयास किया। विरोध करने पर ड्राइवर ने युवती के साथ मारपीट की। उसने युवती से लूटपाट की। युवती ने किसी भी तरह उसके चंगुल से भागकर जंगल में छिपकर जान बचाई। सुबह होने पर एक स्थानीय महिला की मदद से वह पुलिस तक पहुंची।
बताया जाता है कि दिल्ली निवासी एक युवती नैनीताल घूमना चाहती थी। रात को वह टैक्सी के जरिये हल्द्वानी से नैनीताल आ रही थी। वह टैक्सी में अकेली थी। टैक्सी चालक को उसके साथ गलत हरकत करने का यह अच्छा मौका दिखाई दिया। जिला मुख्यालय नैनीताल से करीब 12 किलोमीटर दूर हल्द्वानी रोड पर उसने कार को हाईवे के बजाय पटवाडांगर (आडूखान) मार्ग की ओर मोड़ दिया।
इसी दौरान ड्राइवर ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने विरोध किया, तो उसने मारपीट की। उसके खतरनाक इरादों को भांपकर युवती जंगल की ओर भाग गई और एक कलमठ में छिप गई। संयोग से रात के अंधेरे में चालक उसे ढूंढ़ नहीं पाया और मौके से फरार हो गया। युवती ने पूरी रात जंगल में बिताई।
सुबह के समय आडूखान की एक महिला जब नैनीताल की ओर आ रही थी, तो युवती की नजर उस पर पड़ी। महिला ने उसे पुलिस थाने पहुंचाया। सूचना पर तल्लीताल कोतवाली के एसओ मनोज नयाल, एसआई बबीता और एसआई सतीश उपाध्याय मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने युवती की रिपोर्ट पर अज्ञात टैक्सी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस शर्मनाक घटना के मामले में पुलिस ने टैक्सी चालक को भवाली रोड में पाइंस के पास गिरफ्तार कर लिया है। टैक्सी की जीपीएस लोकेशन के आधार पर तल्लीताल के एसआई सतीश उपाध्याय, एसआई बबिता, एएसआई सुनील कुमार, सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने दबिश देकर आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपित के पास युवती का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। आज शनिवार 7 मार्च को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।