हिंदी
25वें रजत जयंती स्वर्ण पदक सम्मान समारोह की तैयारी
Gorakhpur: सामाजिक सरोकार, रचनात्मक चेतना और प्रतिभा के सम्मान की 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा को समर्पित युवा चेतना समिति, गोरखपुर का 25वां रजत जयंती स्वर्ण पदक सम्मान समारोह आगामी 3 फरवरी (मंगलवार) को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन न केवल सम्मान समारोह होगा, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन और प्रेरणा का सशक्त मंच भी बनेगा।
पूर्वाह्न 11 बजे से गोकुल अतिथि भवन सभागार में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल महामहिम शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव करेंगे, जबकि एश्प्रा ग्रुप के प्रबंध निदेशक अतुल सर्राफ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर समाज सेवा, श्रम, चिकित्सा, शिक्षा, साहित्य, विधि, रंगकर्म, संगीत और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में कर्मवीर सम्मान, श्रमवीर सम्मान, नारी शक्ति सम्मान, साहित्य शिखर सम्मान, चिकित्सा सम्मान और लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड जैसे प्रतिष्ठित अलंकरण प्रदान किए जाएंगे। यह सम्मान उन व्यक्तित्वों को समर्पित होगा, जिन्होंने अपने कार्य से समाज को नई दिशा दी है।
यात्रीगण कृपया ध्यान दें! अगर आप भी जा रहे हैं बिहार, तो पहले चेक कर लें ये लिस्ट
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोरखपुर व पूर्वांचल का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी इस समारोह में विशेष सम्मान मिलेगा। पूर्वांचल खेल भूषण, खेल निधि, खेल श्री और युवा चेतना पुरस्कार के माध्यम से उदीयमान खिलाड़ियों, अनुभवी खिलाड़ियों और खेल प्रोत्साहकों को एक ही मंच पर सम्मानित किया जाएगा। यह पहल क्षेत्र में खेल संस्कृति को और सशक्त बनाएगी।
सायं 7 बजे से आयोजित समारोह के द्वितीय सत्र में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर गोरखपुर के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से मंच को जीवंत बना देंगे। इस सत्र की मुख्य अतिथि दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन होंगी।
Amethi Crime News: स्कूल गई किशोरी नई पहुंची घर, परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज
आयोजन से पूर्व आयोजित प्रेस वार्ता में युवा चेतना समिति के संरक्षक डॉ. शिवशरण दास, आयोजन अध्यक्ष डॉ. विमल कुमार मोदी, डॉ. धर्मव्रत तिवारी, समिति अध्यक्ष मान्धाता सिंह एवं खेल समिति संयोजक विनोद प्रकाश पाण्डेय ने संयुक्त रूप से बताया कि रजत जयंती वर्ष का यह समारोह प्रतिभा, सेवा और सृजनशीलता की चेतना को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगा।
Location : Gorakhpur
Published : 2 February 2026, 8:51 AM IST
Topics : Award Ceremony 2026 cultural program Gorakhpur News Social Service Awards Yuva Chetna Samiti