प्रेमी से शादी की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ी युवती, 3 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा

आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी एक युवती गांव के बाहर लगे हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़ गई। युवती को इतनी ऊंचाई पर देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 24 May 2026, 5:51 PM IST
Agra: आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी एक युवती गांव के बाहर लगे हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़ गई। युवती को इतनी ऊंचाई पर देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

टावर पर बैठकर रोती रही युवती

स्थानीय लोगों के मुताबिक युवती अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन युवक के परिवार की ओर से इनकार किए जाने के बाद वह आहत हो गई। इसी नाराजगी में उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए हाईटेंशन टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया। टावर पर बैठी युवती काफी देर तक रोती रही और नीचे उतरने से इनकार करती रही।

पुलिस और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक युवती को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवती के सकुशल नीचे आने पर परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली।

पॉक्सो एक्ट में जेल जा चुका है प्रेमी

बताया जा रहा है कि युवक और युवती एक ही गांव के रहने वाले हैं और दोनों के बीच पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम संबंध थे। करीब एक साल पहले परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी। पहले लड़के पक्ष ने शादी के लिए हामी भर दी, लेकिन बाद में मुकर गए।

इसके बाद लड़की पक्ष की शिकायत पर शमसाबाद थाने में मामला दर्ज हुआ और युवक को पॉक्सो एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया था। युवक करीब दो महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया है। अब युवक के दोबारा शादी से इनकार करने पर युवती ने यह कदम उठा लिया।

Location :  Agra

Published :  24 May 2026, 5:51 PM IST