राशन कोटेदारों की बल्ले-बल्ले, अब हर क्विंटल पर मिलेगा बढ़ा हुआ लाभांश

योगी सरकार ने प्रदेश के हजारों राशन कोटेदारों को बड़ी राहत देते हुए बड़ा ऐलान किया है। लंबे समय से लाभांश बढ़ाने की मांग कर रहे उचित दर विक्रेताओं को अब सरकार की ओर से सौगात मिली है। 78 हजार से अधिक कोटेदारों के लाभांश में बढ़ोतरी कर उनके चेहरे पर मुस्कान ला दी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 18 August 2026, 12:22 AM IST

Gorakhpur: प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं यानी राशन कोटेदारों के लिए सोमवार का दिन राहत और खुशी लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से ऑनलाइन जुड़कर प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में बढ़ोतरी की सौगात दी।

अब कोटेदारों को प्रति क्विंटल मिलने वाला लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता पोर्टेबिलिटी प्रणाली का भी शुभारंभ किया गया।

लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से मुख्यमंत्री के ऑनलाइन जुड़ने के दौरान गोरखपुर के एनेक्सी सभागार में भी कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक ग्रामीण विपिन सिंह, महानगर अध्यक्ष भाजपा रमेश चंद गुप्ता, जिलाधिकारी दीपक मीणा, जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।

कोटेदारों को मिलेगा इतना लाभांश

लाभांश बढ़ाए जाने की घोषणा होते ही सभागार में मौजूद कोटेदारों में उत्साह दिखाई दिया। लंबे समय से लाभांश बढ़ाने की मांग और उम्मीद के बीच सरकार के फैसले से उन्हें आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। प्रति क्विंटल 35 रुपये की वृद्धि कोटेदारों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बढ़ती संचालन लागत, परिवहन और अन्य खर्चों के बीच इस बढ़ोतरी से राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े विक्रेताओं को कुछ अतिरिक्त आर्थिक सहारा मिलेगा।

UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 18 IAS अफसरों का तबादला, गोरखपुर-महराजगंज समेत इन जिलों में बदले संयुक्त मजिस्ट्रेट

कार्यक्रम में ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता पोर्टेबिलिटी प्रणाली का भी शुभारंभ किया गया। नई व्यवस्था का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक डिजिटल, पारदर्शी और उपभोक्ता केंद्रित बनाना है। ई-पॉस तकनीक के माध्यम से राशन वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने और पात्र लाभार्थियों तक समय से खाद्यान्न पहुंचाने पर जोर दिया गया।

गोरखपुर में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सरकार की इस पहल को उचित दर विक्रेताओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

होटल या कुछ और? गोरखपुर में किशोरियों के इस्तेमाल का गंभीर आरोप, शिकायत पहुंची तो प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला

कोटेदारों से की अपील

अधिकारियों ने कोटेदारों से नई ई-पॉस व्यवस्था का प्रभावी ढंग से पालन करने तथा पात्र लाभार्थियों को शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित मात्रा में समय से राशन उपलब्ध कराने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई।

Location :  Gorakhpur

Published :  18 August 2026, 12:19 AM IST