योगी मंत्रिमंडल विस्तार के बाद BJP में फूटा बगावत का सुर!

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद भाजपा के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं दिख रहा। नई टीम में जगह न मिलने की टीस अब सोशल मीडिया पोस्टों के जरिए सामने आने लगी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 May 2026, 4:03 PM IST
Lucknow: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद भाजपा के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं दिख रहा। नई टीम में जगह न मिलने की टीस अब सोशल मीडिया पोस्टों के जरिए सामने आने लगी है। एक तरफ महमूदाबाद से विधायक आशा मौर्य ने लंबी भावुक पोस्ट लिखकर अपनी पीड़ा जाहिर की हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने वह पोस्ट डिलीट कर दी, लेकिन तब तक स्क्रीन शॉर्ट वायरल हो गया। वहीं दूसरी तरफ भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की एक्स पोस्ट ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।
आशा मौर्य ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह पिछले 35 वर्षों से पार्टी और संगठन के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करती रही हैं। उन्होंने समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि 'एक समर्पित कार्यकर्ता होने के नाते कहीं न कहीं मन में थोड़ी पीड़ा अवश्य हुई है।' हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि यह पीड़ा उनके संकल्प को कमजोर नहीं करेगी और वह आगे भी संगठन एवं समाजहित में काम करती रहेंगी। राजनीतिक जानकार आशा मौर्य की इस पोस्ट को मंत्रिमंडल में जगह न मिलने से जोड़कर देख रहे हैं। पोस्ट की भाषा संयमित जरूर रही, लेकिन उसमें वर्षों की मेहनत और अपेक्षाओं का दर्द साफ महसूस किया जा रहा है।

आशा मौर्य का सोशल मीडिया पर पोस्ट

उधर, भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की एक पोस्ट ने भी सियासी तापमान बढ़ा दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा शोहरत की बुलंदी भी पल भर का तमाशा है, जिस शाख पर बैठे हो, वह टूट भी सकती है…
इस पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर तेज हो गया। माना जा रहा है कि बृजभूषण शरण सिंह अपने बेटे प्रतीक सिंह के लिए कैबिनेट में जगह चाहते थे। हालांकि उन्होंने कभी सार्वजनिक रूप से इसकी मांग नहीं की, लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार में छह नए चेहरों को शामिल किए जाने और किसी ठाकुर चेहरे को जगह न मिलने के बाद उनके इस पोस्ट को उसी संदर्भ में देखा जा रहा है।
योगी सरकार का यह मंत्रिमंडल विस्तार जहां जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने की कोशिश माना जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ पार्टी के भीतर उपजी नाराजगी की हल्की आवाजें भी अब सामने आने लगी हैं।

 

Location :  Lucknow

Published :  10 May 2026, 4:03 PM IST