
सेंट्रल मार्केट में धरने पर बैठीं महिलाएं (सोर्स: गूगल)
Meerut: मेरठ के शास्त्री नगर सेक्टर-2 में महिलाओं का धरना शनिवार को 12वें दिन भी जारी रहा। तेज धूप और भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं धरना स्थल पर पहुंची और आवास विकास परिषद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और “हमारी भूल, कमल का फूल” जैसे नारों के जरिए विरोध दर्ज कराया।
सेटबैक वापस लेने की मांग पर अड़ी महिलाएं
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि वे लंबे समय से सेटबैक वापस लेने की मांग उठा रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकला। महिलाओं का आरोप है कि आवास विकास परिषद की नीतियों से उनके मकानों और परिवारों पर सीधा असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाएगा, तब तक आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा।
आंदोलन में दिखी महिलाओं की एकजुटता
धरना स्थल पर महिलाएं एकजुट होकर लगातार अपनी आवाज बुलंद कर रही हैं। कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी धरने में पहुंची। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर बैठीं और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करती रही। महिलाओं का कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ जमीन या मकानों की नहीं, बल्कि उनके अधिकारों और भविष्य की है।
108 बार किया राम नाम का जाप
धरने के दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से 108 बार राम नाम का जाप भी किया। महिलाओं ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना चाहती हैं। राम नाम जाप के जरिए उन्होंने अपनी मांगों के जल्द समाधान की प्रार्थना की और आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान धरना स्थल पर धार्मिक और भावनात्मक माहौल भी देखने को मिला।
Location : Meerut
Published : 16 May 2026, 6:41 PM IST