Site icon Hindi Dynamite News

Viral News: यूपी के कानपुर में महिलाओं ने चप्पल से की एडीओ आईएसबी की पिटाई, वायरल हो रहा वीडियो

कानपुर के भीतरगांव ब्लॉक में एडीओ आईएसबी सूरज प्रताप सिंह की महिलाओं और पुरुषों द्वारा सरेआम पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। महिला स्वयं सहायता समूह ने उन पर ढाई लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
Post Published By: Nidhi Kushwaha
Published:
Viral News: यूपी के कानपुर में महिलाओं ने चप्पल से की एडीओ आईएसबी की पिटाई, वायरल हो रहा वीडियो

Kanpur: कानपुर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमे साफ देखा जा रहा है कि कुछ लोग एक व्यक्ति की पिटाई करने में जुटे हुए हैं तो वहीं भीड़ में खड़ी महिलाएं भी चप्पल से उस व्यक्ति की पिटाई करने में लगीं हुईं थी। आखिरकार ऐसा क्यों किया गया और कौन था वह व्यक्ति, जिसपर पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी अपना गुस्सा निकालते हुए दिख रहीं हैं। आईये जानते हैं कि क्या है पूरा मामला?

जानें पूरा मामला

दरअसल, हम जिस वायरल वीडियो की यहां बात कर रहे हैं वो कानपुर के भीतरगांव ब्लॉक का है। जहां हैरान करने वाली घटना सामने आई है। महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने एडीओ आईएसबी सूरज प्रताप सिंह पर आरोप लगाया कि उन्होंने समूह से करीब ढाई लाख रुपये उनकी अनुमति के बिना निकाल लिए। इसी आरोप को लेकर महिलाओं और एडीओ के बीच विवाद गहराता चला गया। अंत में मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया और अब इसकी जांच शुरू हो गई है, लेकिन अभी जांच शुरू ही की गई थी पिटाई का यह वीडियो सामने आ गया।

लिखित शिकायत देकर की थी न्याय की मांग

आपको बताते चले कि साढ़ थाना क्षेत्र के खदरी गांव में स्थित काली माता महिला स्वयं सहायता समूह की बताई जा रही है। समूह की महिलाओं का कहना है कि उनकी मेहनत और बचत की रकम को बिना पूर्व सहमति एडीओ आईएसबी ने निकाल लिया। इस संबंध में महिलाओं ने पहले ही पुलिस को लिखित शिकायत देकर न्याय दिलाने की मांग भी रखी थी पर ऐसा नहीं हुआ।

बुधवार की देर रात वायरल हुआ वीडियो

बात अगर इस विवाद की बात करें तो यह मामला मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे का है। जब समूह की महिलाओं और एडीओ सूरज प्रताप सिंह का आमना-सामना हो गया। इसके बाद कथित रूप से महिलाओं ने आक्रोशित होकर मुख्य गेट पर ही उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी थी। साथ ही महिलाओं के साथ आये अज्ञात पुरुषों ने भी एडीओ की पिटाई करना शुरू कर दिया था। जिसका वीडियो बुधवार की देर रात सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना के बाद एडीओ आईएसबी सूरज प्रताप सिंह सीधे साढ़ थाने पहुंचे और वहां समूह की समस्याओं में भूरी, खुशी, सुनीता, राजेश्वरी, बबीता, रेखा और राजकुमारी समेत अन्य परिजन के खिलाफ नामजद तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सात नामजद और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और अपनी जांच शुरू कर दी है।

वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि एडीओ की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही, सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। धोखाधड़ी और मारपीट का यह पूरा मामला अब कानपुर ग्रामीण प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुका है। एक ओर महिला समूह अपनी मेहनत की पूंजी के लिए न्याय की मांग कर रहीं है, तो वहीं दूसरी ओर सरकारी अधिकारी अपनी गरिमा और अधिकार की रक्षा की बात कर रहे हैं।

Exit mobile version