लालकुआं-बरेली पैसेंजर की चपेट में महिला की मौत, तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

बहेड़ी में लालकुआं-बरेली पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से फरीन नामक महिला की मौत हो गई। वह दवा लेने जा रही थी। तीन छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 February 2026, 4:25 AM IST

Bareilly: नगर में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। लालकुआं से बरेली जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में मातम छा गया।

जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या Lalkuan-Bareilly Passenger 15062 की चपेट में आने से मोहल्ला शेरनगर निवासी फरीन (पत्नी अशफाक) की मौत हुई। हादसा नगर पालिका के रेन बसेरे के पास, मोहल्ला बाज़ार क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अंधेरा होने के कारण महिला को ट्रेन आती हुई दिखाई नहीं दी और वह हादसे का शिकार हो गई।

परिजनों ने बताया कि फरीन पिछले दो-तीन वर्षों से मानसिक तनाव से गुजर रही थी और उसका इलाज चल रहा था। वह नूरी नगर स्थित अपने भाई के घर दवा लेने जा रही थी। रास्ते में रेलवे ट्रैक पार करते समय यह हादसा हो गया। जैसे ही लोगों ने ट्रेन की आवाज और शोर सुना, मौके पर भीड़ जुट गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल पवन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फरीन अपने पीछे दो बेटियों और एक बेटे समेत तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह अपने बच्चों से बेहद प्यार करती थी और हमेशा उनके भविष्य को लेकर चिंतित रहती थी। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Location : 
  • Bareilly

Published : 
  • 26 February 2026, 4:25 AM IST